‘देश में 4 लोगों की तानाशाही, 8 साल में खत्म 70 साल का लोकतंत्र’

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- जितना भी मैं बोलूंगा उतना ही मेरे खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देश भर में कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को खत्म होता हुआ देखकर आपको कैसा लग रहा है। आज देश में लोकतंत्र नहीं है। आज देश में चार लोगों की तानाशाही है, 70 साल का हमारा लोकतंत्र 8 साल में खत्म हो गया है।

उन्होंने कहा कि हम महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाना चाहते हैं उसे लेकर चर्चा करना चाहते हैं। हमें बोलने नहीं दिया जाता है। संसद में चर्चा नहीं होती है। हमें गिरफ्तार किया जाता है। ये आज के हिंदुस्तान की हालत है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, जो विपक्ष लोकतंत्र में एक इंस्टीट्यूशंस के बल पर लड़ता है, जो उसे देश की न्यापालिका और मीडिया प्रदान करती है उसी के बल पर विपक्ष खड़ा होता है। लेकिन आज ये सभी इंस्टीट्यूशन सरकार को सपोर्ट दे रहे हैं। सरकार ने हर जगह अपने लोग बैठा रखे हैं।

उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का हर संस्थान आज स्वतंत्र नहीं है। हम एक राजनीतिक पार्टी से नहीं लड़ रहे हैं, हम पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर से लड़ रहे हैं। राहुल ने कहा कि, अगर कोई विपक्ष को समर्थन करना चाहिए तो उसके पीछे ईडी और सीबीआई लगा दी जाती है। विपक्ष का असर न दिखने का यही एक बड़ा कारण है।

महंगाई को लेकर राहुल ने कहा कि, वित्तमंत्री को पता नहीं क्यों महंगाई नजर नहीं आई। इस बात को लेकर उन्होंने अपनी ही एक धारणा बना ली है। राहुल ने आगे कहा मुझे बताइए कि ये स्टार्टअप इंडिया कहां है। ये लोगों को निकाल रहे हैं, कहते है, कि कोरोना में किसी की मौत नहीं हुई जबकि यूएन की रिपोर्ट के अनुसार 50 लाख लोग इस दौरान मरे थे, बेरोजगारी पर सरकार कहती है कि इसमें सच्चाई नहीं है। पूरा कम्यूनिकेशन स्ट्रक्चर इनके हाथ में है।

ईडी की कार्रवाई को लेकर राहुल ने कहा कि, जितना भी मैं बोलूंगा उतना ही मेरे खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। मैं डरता नहीं हूं, मेरे खिलाफ इससे भी ज्यादा आक्रमण होंगे जो धमकाता है वो डरता है। ये लोग हिंदुस्तान की हालत से डर रहे हैं। इन्होंने जो वादे किए थे, उससे डरते हैं। जनता की ताकत से डरते हैं। महंगाई और बेरोजगारी से डरते हैं. ये लोग 24 घंटे झूठ बोलने का काम करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि, देश में कांग्रेस ही नहीं बल्कि कोई अभिनेता या फिर कोई भी शख्स सरकार के खिलाफ बोलता है तो उसके पीछे पूरा तंत्र लगा दिया जाता है। भारत में लोकतंत्र खत्म हो चुका है। इसके परिणाम भुगतने होंगे। भारत की जनता चुप बैठने वाली नहीं है। राहुल ने कहा कि, चुनाव तो हिटलर ने भी जीता था। क्योंकि उसके हाथ में सभी संस्थानों का कंट्रोल था।

इसी दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि, देश में संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। देश में ईडी के आतंक का माहौल है। देश में बहुत खतरनाक खेल चल रहा है। देश के मीडिया को समझना होगा कि अखबार पर हमला हो रहा है, कल उन पर भी हमला हो सकता है। देश की मीडिया को आज हिम्मत दिखाने की जरूरत है। आज अगर हम चुप रहेंगे तो हमें इतिहास माफ नहीं करेगा।

Exit mobile version