BJP कार्यकर्ताओं को देख राहुल बोले-जय सिया राम, नफ़रत छोड़ो भारत जोड़ो

घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, राजस्थान में पहली बार मीडिया से भी किया संवाद

दौसा (जोशहोश डेस्क) राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने अपने 100 दिन का सफर शुक्रवार को पूरा कर लिया। यात्रा सुबह राजस्थान के दौसा में मीणा हाईकोर्ट से प्रारंभ हुई। इस इलाके में एक मौका ऐसा भी आया जब राहुल गांधी ‘जय सिया राम’ का उद्घोष करते नजर आए।

दरअसल जब दौसा में राहुल गांधी की यात्रा जब गुजर रही थी एक मकान में कुछ लोग राहुल गांधी को लेकर आवाज लगा रहे थे। मकान में लगे पोस्टर से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि यहां मौजूद लोग भाजपा समर्थक थे।

जब राहुल इस मकान के सामने से गुजरे तो यहाँ मौजूद लोगों ने राहुल गांधी को आवाज लगाना शुरू कर दिया। इस पर राहुल ने पहले तो उन्हें बुलाया और फिर उनके सामने ही ‘जय सिया राम’ का उद्घोष करते हुए आगे निकल पड़े।

पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। भारत जोड़ो के आधिकारिक अकाउंट से भी वीडियो को शेयर किया गया साथ ही लिखा गया कि- नफ़रत करने वालों को भी यहां प्यार मिलेगा। इसीलिए हम कहते हैं ‘नफ़रत छोड़ो भारत जोड़ो’।

इससे पहले राहुल गांधी ने राजस्थान में पहली बार मीडिया से संवाद भी किया। इस दौरान सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ये कहना कि कांग्रेस पार्टी बिखर गई, खत्म हो गई, ये बिलकुल गलत है। कांग्रेस पार्टी एक विचारधारा है। देश में जीवित है। लाखों-करोड़ों लोगों के दिल में है। कांग्रेस ही BJP के खिलाफ लड़ती है और यही पार्टी आने वाले समय में BJP को हराएगी।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 7 सितंबर को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। राहुल गांधी अब तक की अपनी 100 दिन की यात्रा के दौरान 8 राज्यो के 42 जिलों 2800 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर चुके हैं। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और मध्य प्रदेश के बाद अब भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान से गुजर रही है। यात्रा का अगला पड़ाव हरियाणा है। राजस्थान के अलवर से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में एंट्री करेगी।

Exit mobile version