Politics

कर्नाटक में वोटिंग: मोदी का मैजिक या मोदी की हार, तय करने लगीं कतार

कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर मतदान, चुनावी लड़ाई पीएम मोदी वर्सेस कांग्रेस

बेंगलुरु (जोशहोश डेस्क) कर्नाटक में सभी 224 विधानसभा सीटों पर बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। कर्नाटक के सभी जिलों में पोलिंग स्टेशन पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपना वोट डालने पहुंच रहे हैं। दिग्गज नेता और सेलिब्रटी भी मतदान केंद्रों के बाहर लाइन में दिखाई दिए।

कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह का तूफ़ानी प्रचार किया है। उसके बाद यह कहा जा रहा है कि चुनावी लड़ाई अब पीएम मोदी वर्सेस कांग्रेस हो गई है। चुनावी लड़ाई में कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार साइडलाइन है। ऐसे में चुनाव नतीजे यह तय करेंगे कि पीएम मोदी का मैजिक राज्य की जनता पर चल गया या जनता ने कांग्रेस को समर्थन देकर पीएम मोदी को हरा दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रचार के आखिरी 8 दिन में 19 रैलियां और 6 रोड शो किए। आख़िरी दो दिन में 36 किमी लंबा रोड शो किया। उन्होंने बजरंग दल बैन, बजरंगबली, केरल स्टोरी, लव जिहाद, 91 गालियां और जहरीला सांप कहे जाने पर कांग्रेस को निशाने पर लिया। भाजपा के अन्य स्टार प्रचारक और नेता भी तुष्टिकरण, मुस्लिम आरक्षण, आतंकवाद पर लगातार बोलते रहे।

वहीं कांग्रेस के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने प्रचार का जिम्मा संभाला। दोनों ने 31 से ज्यादा सभाएं कीं। सोनिया गांधी ने भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए पूर्व सीएम शेट्टार के समर्थन में सभा की। राहुल गांधी ने राज्य में 16 रैली और 2 रोड शो, जबकि प्रियंका ने 15 रैली और 10 रोड शो किए।

कांग्रेस ने प्रचार को भाजपा सरकार के करप्शन पर केंद्रित रखा। 40% कमीशन को लेकर सीएम से लेकर सरकारी मशीनरी पर निशाना साधा गया। स्थानीय मुद्दों के साथ अडानी का भी जिक्र हुआ। अब देखना यह है कि 13 मई को जनता किसके साथ खड़ी होगी और राज्य में हर पांच साल बाद सत्ता बदलाव की परम्परा को कायम रख्रती है या बदल देती है।

Back to top button