Entertainment

केंद्रीय मंत्री की बेटी आरुषि निशंक, इस फिल्म से लेगीं बॉलीवुड में एंट्री

केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' की बेटी आरुषि निशंक फिल्मी करियर शुरू करने जा रही हैं।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की बेटी आरुषि निशंक फिल्मी करियर शुरू करने जा रही हैं। नेवी की महिला अफसरों की बहादुरी पर बनी फिल्म ‘तारिणी’ से वह डेब्यू करेंगी। उन्होंने इसकी जानकारी सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दी है। आरुषि निशंक कथक डांसर भी हैं।

दरअसल, 19 सितंबर 2017 को वर्तिका जोशी, प्रतिभा जामवाल, पी. स्वाति, एस. विजया, ऐश्वर्य और पायल गुप्ता ने भारतीय नौसेना की सेलिंग नौका आईएनएस तारिणी पर अपना सफर गोवा से शुरू किया था और 19 मई, 2018 को वे 21,600 नॉटकिल माइल्स की दूरी तय करके वापस आई थीं। इस अभियान में लगभग 254 दिन लगे। इसके साथ इन 6 नेवी महिला अफसरों ने अपने नाम को इतिहास के पन्नों में भी दर्ज कर लिया। 21 मई, 2018 को ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पौलेंड और दक्षिण अफ्रीका होते हुए महिला अफसर गोवा पहुंचीं।

मेक इन इंडिया के तहत बने इस तारिणी नौका में सवार होकर इन छह महिला अफसरों ने इस साहसिक अभियान इतिहास के पन्नो में भी अपना नाम दर्ज कर लिया। प्रधानमंत्री ने भी इस अभियान को खूब सराहा था। इन्हीं छह महिला नेवी अफसरों पर आधारित फिल्म ‘तारिणी’ जल्द ही बनने जा रही है। कथक डांसर आरुषि निशंक इसी फिल्म से फिल्म जगत में एंट्री करने जा रही हैं। बता दें, आरुषि नारी सशक्तीकरण, सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी काफी एक्टिव हैं।

भारत की मशहूर कथक डांसर और स्पर्श गंगा कैंपेन की राष्ट्रीय संयोजक आरुषि निशंक को पृथ्वी दिवस आयोजित करने वाली संस्था Earth Day Network ने साल 2020 के लिए ‘अर्थ डे नेटवर्क स्टार’ (Earth Day Network Star) के रूप में चुना है।

आरुषि निशंक को उनकी उपलब्धियों के लिए केवल देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी सम्मानित किया गया है। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से कई पुरस्कार अपने नाम किए, जैसे यूथ आइकन अवॉर्ड (दुबई), उत्तराखंड गौरव सम्मान, आधी आबादी अचीवमेंट अवॉर्ड, टॉप-20 ग्लोबल विमेन अवॉर्ड, अटल महर्षि शिखर सम्मान।

Back to top button