National

देश में कोरोना के इतने लाख नए केस, जानें अन्य देशों का हाल !

देश में बीते शनिवार को एक लाख 52 हजार 565 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) देश में कोरोना की रफ़्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। देश में बीते शनिवार को एक लाख 52 हजार 565 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। महामारी की शुरुआत के बाद से पहली बार एक दिन में इतने ज्यादा संक्रमितों की पहचान हुई है। पिछले 24 घंटे में 90,328 लोग ठीक भी हुए और 838 लोगों की मौत हुई। मौत के मामले में इस साल दूसरी बार एक दिन में 800 या इससे ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। इससे पहले 8 अप्रैल को 802 लोगों की मौत हुई थी।

देश में एक्टिव केस यानी कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिन इसमें 61,329 की बढ़ोतरी रिकॉर्ड हुई और एक्टिव केस का आंकड़ा 11 लाख 2 हजार 370 तक पहुंच गया है।

भारत में अब भी रोजाना दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। बीते दिन यहां 1.52 लाख लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं, ब्राजील में 69,592, अमेरिका में 66,764, तुर्की में 52,676 और फ्रांस में 43,284 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

दुनिया में अब तक 13.60 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.39 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 10.93 करोड़ लोग ठीक हो गए। 2.36 करोड़ मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। इनमें 2.35 करोड़ मरीजों में संक्रमण का हल्का लक्षण है, जबकि 1.02 लाख मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Back to top button