National

भारत जोड़ो: श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव ने भी राहुल गांधी को सराहा

श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर दी प्रतिक्रिया

बागपत (जोशहोश डेस्क) अयोध्या में रामलला मंदिर के मुख्य पुजारी सतेंद्र दास के बाद अब श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने भी भारत जोड़ो यात्रा को लेकर राहुल गांधी की तारीफ की है। चंपत राय ने कहा कि नौजवान सर्दी में देश में पैदल चल रहा है, यह प्रशंसनीय है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि अच्छा है कि इस मौसम में 3000 किलोमीटर पैदल चलकर राहुल गांधी देश को समझने की कोशिश कर रहे। यह प्रशंसनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा की आलोचना करने का कोई मतलब नहीं है। आरएसएस और प्रधानमंत्री मोदी ने भारत जोड़ो यात्रा की आलोचना नहीं की है।

इससे पहले के अयोध्या में रामलला मंदिर के मुख्य पुजारी सतेंद्र दास ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनकी यात्रा की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने लिखा, “मेरी शुभकामना है कि आपकी भारत जोड़ो यात्रा मंगलमय हो। आप स्वस्थ्य रहें, दीर्घायु रहें।

सतेंद्र दास ने पत्र में लिखा था कि आपका जो देश जोड़ने का ख्वाब है, वो पूर्ण हो, जिस लक्ष्य को लेकर आप चल रहे हैं, उसमें आपको सफलता मिले। देश के हित में जो भी कार्य कर रहे हैं, वह सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय है। इसी मंगलकामना के साथ शुभ आशीर्वाद. प्रभु रामलला का आशीर्वाद आप पर बना रहे।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का बुधवार को बागपत पहुँची है। ब्रेक के बाद यात्रा का यह दूसरा दिन है। कल 9 दिन के ब्रेक के बाद यात्रा दोबारा शुरू हुई थी। यात्रा शुरू करने से पहले राहुल ने दिल्ली में मरघट के मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए थे। इस बीच पुजारी ने राहुल गांधी को एक गदा भी थमाई। दिल्ली से गाजियाबाद के रास्ते यात्रा ने यूपी में प्रवेश किया था।

गाजियाबाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी यात्रा को संबोधित किया। उन्होंने कहा मेरे बड़े भाई… इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, इनकी छवि को खराब करने के लिए, लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाई गईं। योद्धा हैं… योद्धा हैं।

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण 3 जनवरी से शुरू हुआ। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा ने यूपी में प्रवेश किया था। यात्रा पांच जनवरी को शामली और छह जनवरी को कैराना से होकर हरियाणा के सोनीपत जिले में प्रवेश में कर जाएगी। छह जनवरी से 10 जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी और एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और फिर 30 जनवरी को राहुल गांधी तिरंगा फहराकर समापन करेंगे।

Back to top button