National

सुखजिंदर रंधावा पंजाब के नए कैप्टन! जानिए क्यों नाम तय-ऐलान बाकी?

सुखजिंदर सिंह रंधावा पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। उनके नाम का आधिकारिक ऐलान जल्द होने की संभावना है।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे। उनके नाम का आधिकारिक ऐलान जल्द होने की संभावना है। रंधावा आज ही शपथ ले सकते हैं। हालांकि सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम पर नवजोत सिंह सिद्धू की नाराजगी की बात भी सामने आ रही है। जिसके चलते उनके नाम के आधिकारिक ऐलान में पेंच फंस सकता है।

62 साल के सुखजिंदर सिंह रंधावा गुरुदासपुर जिले से हैं। तीसरी बार के विधायक सुखजिंदर सिंह रंधावा डेरा बाबा नानक सीट से विधायक हैं। माझा इलाके के बड़े नेता कहे जाने वाले रंधावा कैप्टन सरकार में मंत्री भी थे। उनके पिता पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं।

बताया जा रहा है विधायकों के फीडबैक में सुखजिंदर सिंह रंधावा को बड़ी बढ़त मिली। जिसके चलते आलाकमान ने रंधावा को अगला मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय ले लिया। फीडबैक में रंधावा के नाम का करीब तीन चौथाई से ज्यादा विधायकों ने समर्थन किया। इस फीडबैक में अमरिंदर सिंह के विरोधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू काफी पीछे रह गए।

कांग्रेस राज्य में दो डिप्टी CM बनाने का फैसला भी ले सकती है। सिख चेहरे को मुख्यमंत्री बनाये जाने के बाद एक हिन्दू और एक दलित चेहरे को उप मुख्यमंत्री बना कांग्रेस राज्य में जातिगत समीकरण को मैनेज करने का इरादा बना रही है। दो उपमुख्यमंत्री के लिए अरुणा चौधरी और भारत भूषण आशू का नाम चर्चाओं में है।

राज्य में प्रमुख विरोधी दाल अकाली दल एक हिंदू और एक दलित को डिप्टी CM बनाने के चुनावी वादा कर चुका है। कांग्रेस दो उप मुख्यमंत्री बना अकाली दल की रणनीति का मुकाबला कर सकती है।

इससे पहले गांधी परिवार की पसंद के रूप में वरिष्ठ नेता अम्बिका सोनी का नाम लिया जा रहा था। हालाँकि अंबिका सोनी ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते पद लेने से इनकार कर दिया था और राज्य में सिख चेहरे को ही मुख्यमंत्री बनाये जाने का पक्ष लिया था। अम्बिका सोनी के अलावा सुनील जाखड़ और प्रताप सिंह बाजवा भी इस रेस में शामिल थे।

गौरतलब है कि इस्तीफ़ा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नए मुख्यमंत्री के रूप में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के नाम का विरोध किया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू एक अक्षम आदमी है, वह एक डिजास्टर साबित होगा। मैं अगले सीएम चेहरे के लिए उसके नाम का विरोध करूंगा। उसका संबंध पाकिस्तान से है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा होगा। इसके बाद से यह तय माना जा रहा था कि सिद्धू सीएम पद की रेस से बाहर हो चुके हैं।

Back to top button