MP

प्रचार अभियान या अपमान, कचरे की पन्नी पर राजा भोज की तस्वीर

राजा भोज की तस्वीर वाली कचरे की पाॅलिथिन वायरल, नगर निगम अधिकारियों -कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) स्चच्छता की रेस में एक ओर राजधानी भोपाल का प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में है वहीं नगर निगम का स्वच्छता अभियान भी विवादों का पर्याय बनता जा रहा है। अब भोपाल नगर निगम स्वच्छता अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए कचरे की पाॅलिथिन पर राजा भोज की तस्वीर प्रिंट करा सुर्ख़ियों में है। सोशल मीडिया पर राजा भोज की तस्वीर वाली कचरे की पाॅलिथिन वायरल है और इसे राजा भोज का अपमान बताया जा रहा है।

कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने इसे राजा भोज का अपमान बताते हुए भोपाल नगर निगम प्रशासन की निंदा है साथ ही और संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की माँग भी उठाई है–

कांग्रेस नेता व्रजेंद्र शुक्ला ने भी ऐसी ही तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि प्रचार अभियान के चक्कर में राजा भोज की तस्वीर को कचरे की पन्नी पर छापना अपमानजनक है। नगर निगम को संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए-

सोशल मीडिया में वायरल तस्वीरों में कचरे की पाॅलिथिन के ठीक बीच में राजा भोज की तस्वीर दिख रही है। यह तस्वीर राजा भोज की बड़े तालाब में लगी आदमकद प्रतिमा की तरह दिखाई दे रही है। तस्वीर के नीचे BMC (भोपाल नगर निगम) भी लिखा हुआ है।

इससे पहले फिल्म अभिनेता रजा मुराद को स्वच्छता दूत बनाने के मामले में भोपाल नगर निगम की जमकर किरकिरी हुई थी। रजा मुराद को स्वच्छता दूत बनाकर नगर निगम ने ने महज 24 घंटो मे ही हटा दिया था। जिन तर्कों को आधार बना रजा मुराद को हटाया गया था उन पर काफी सवाल उठे थे और इसे सियासत से भी जोड़ा गया था।

स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदर्शन भी सवालों में

स्वच्छता सर्वेक्षण में राजधानी भोपाल का प्रदर्शन भी सवालों में है। भोपाल ने वर्ष 2017 और 2018 में स्वच्छता सर्वेक्षण में पूरे देश में दूसरी रैंक हासिल की थी लेकिन 2019 में भोपाल की रेंक गिरकर 19 वें नंबर पर जा पहुंची थी। इसके बाद साल 2020 में भोपाल फिर 12 वें पायदान पर पहुंचा और इस बार सातवीं रैंक हासिल की है।

Back to top button