National

किरण बेदी को उप राज्यपाल पद से हटाया, ट्वीट कर किया धन्‍यवाद !

किरण बेदी (Kiran Bedi) को राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति में मंगलवार को पुडुचेरी के उपराज्यपाल पद से हटा दिया गया है।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले राजनीतिक संकट पैदा हो गया है। किरण बेदी (Kiran Bedi) को राष्ट्रपति भवन से जारी विज्ञप्ति में मंगलवार को पुडुचेरी के उपराज्यपाल पद से हटा दिया गया है। तेलंगाना के राज्यपाल तमिलसाई सौंदरराजन इस केंद्र शासित प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि अब तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई साउंडराजन केंद्र शासित प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी।

किरण बेदी को हटाए जाने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में राजनीतिक उथल-पुथल देखा जा रहा है। किरण बेदी ने अपने ट्वीट के साथ वीडियो पोस्‍ट किया है जिसमें वह अपना संदेश पढ़कर सुना रही हैं। किरण बेदी ने ल‍िखा है, ‘पुडुचेरी के उप राज्‍यपाल के रूप में मेरी यात्रा में शामिल पुडुचेरी की जनता और सरकारी अफसरों को धन्‍यवाद।’

एक और विधायक के इस्तीफे के बाद पुडुचेरी की कांग्रेस सरकार ने विधानसभा में बहुमत खो दिया है। कांग्रेस विधायक जॉन कुमार ने मंगलवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही गत एक महीने में वह चौथे विधायक हो गए हैं जिन्होंने विधायक पद छोड़ा है। कांग्रेस नीत गठबंधन के अब 14 विधायक रह गए हैं। इस मौके का लाभ उठाते हुए विपक्ष ने मुख्यमंत्री वी नारायणसामी से इस्तीफा मांगते हुए कहा कि सरकार अल्पमत में है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने निर्देश दिया है कि डॉ. किरण बेदी अब पुडुचेरी की उपराज्यपाल नहीं रहेंगी और नई नियुक्ति होने तक तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई साउंडराजन को फिलहाल पुडुचेरी के उप राज्यपाल की जिम्मेदारी संभालने का कहा गया है।

Back to top button