TRP स्कैंडल : अर्नब के साथ व्हाट्सएप चैट वायरल होने के बाद ICU में दासगुप्ता

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) BARC के पूर्व सीईओ पार्थो दासगुप्ता को उनके ब्लडप्रेशर और शुगर के स्तर में गिरावट के बाद कल रात जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तलोजा जेल प्रशासन ने दासगुप्ता को रात करीब 1 बजे अस्पताल में भर्ती कराया।

उनकी पत्नी सम्राज्ञी दासगुप्ता के अनुसार, उन्हें आज सुबह अस्पताल में आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि – दासगुप्ता की स्थिति गंभीर है। वह कुछ बोल नहीं पा रहे हैं। पुलिस ने हमें आज सुबह ही इसकी जानकारी दी है।

बता दें कि कल ही अर्नब गोस्वामी के साथ वाली उनकी चैट सोशल मीडिया में वायरल हो रही थी। जिसमें वह अर्नब गोस्वामी से राजनीति और देश की तरह-तरह की बातें कर रहें हैं। उस चैट में बालाकोट हमले, सर्जिकल स्ट्राइक, पीएममो के दखल को लेकर जिक्र है। जिस वजह से सोशल मीडिया में उनकी किरकिरी हो रही है। इसके साथ ही कुछ ऐसी बातें भी करते नजर आ रहें हैं जो सामरिक रूप से संवेदनशील हैं।

टीआरपी घोटाले मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में दासगुप्ता को दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह 31 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में थे, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

Exit mobile version