MP

ऑक्सीजन उत्सव: क्या भाजपा के इवेंट मैनेजर हैं इंदौर कलेक्टर ?

इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने ऑक्सीजन टैंकर को भाजपा का इवेंट क्यों बनने दिया? और इस इवेंट का अपने आधिकारिक ट्विटर पर प्रचार क्यों किया?

इंदौर (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी से हाहाकार की स्थिति है। एक ओर सरकार ने ऑक्सीजन की त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऑक्सीजन टैंकर के लिए ग्रीन काॅरिडोर बनाने का निर्णय लिया है। वहीं जामनगर से 30 टन ऑक्सीजन लेकर पहुंचे टैंकर को इंदौर से बाहर सिर्फ इसलिए रोका गया क्योंकि यहां भाजपा नेता टैंकर के स्वागत के लिए पहुंचे थे। यही नहीं इंदौर कलेक्टर के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भाजपा नेताओं द्वारा टैंकर के स्वागत के सूचना भी दी गई।

हैरानी इस बात की है कि इंदौर के अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी के बीच टैंकर को न सिर्फ रोका गया बल्कि इसे फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। भाजपा नेताओं ने टैंकर पर फूल चढ़ाए और पूजा की। कार्यक्रम की तस्वीरें ली गईं और वीडियो बनाए गए। शर्मसार करने वाली बात यह थी कि इस पूरे इवेंट का इंदौर प्रशासन प्रचार करता दिखा।

सवाल यह है कि ऑक्सीजन टैंकर जैसी अति आवश्यक सेवा को भाजपा नेताओं के लिए क्यों रोका गया और इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने ऑक्सीजन टैंकर को भाजपा का इवेंट क्यों बनने दिया? और इस इवेंट का अपने आधिकारिक ट्विटर पर प्रचार क्यों किया? क्या इंदौर कलेक्टर का यह कृत्य भाजपा के इवेंट मैनेजर जैसा नहीं है?

सवाल यह भी उठता है कि ऑक्सीजन टैंकर के लिए ग्रीन काॅरिडोर बनाने के शिवराज सरकार के निर्णय से क्या भाजपा सांसद शंकर ललवानी, इंदौर के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट और इंदौर भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे अंजान थे? जबकि शुक्रवार को ही पांढुर्ना से बनाए गए ग्रीन काॅरिडोर में इंदौर तक ऑक्सीजन टैंकर पहुंचा था।

भाजपा के ऑक्सीजन उत्सव पर कांग्रेस ने भी सवाल उठाया है। कांग्रेस ने भाजपा के इस इंवेट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आड़े हाथों लिया है-

कलेक्टर इंदौर के ट्वीट पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं दिखाई दीं-

गौरतलब है कि दो दिन पहले भारतीय जनता पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बताया था कि इंदौर में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए अब रिलायंस ग्रुप के मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने इंदौर के लिए अलग से ऑक्सीजन देने का निर्णय लिया है। अब रोजाना जामनगर से 100 टन ऑक्सीजन इंदौर आएगी। इस खेप का पहला टैंकर शनिवार रात जामनगर से ऑक्सीजन का इंदौर पहुंचा था।

Back to top button