लखीमपुर: प्रदर्शनकारी किसानों को गाड़ी से कुचला, 6 की मौत, केंद्रीय मंत्री के बेटे पर आरोप

लखीमपुर खीरी में स्थानीय सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन में हिंसा

लखीमपुर (जोशहोश डेस्क) उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी में स्थानीय सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन में हिंसा की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्रीय मंत्री को काले झंडे दिखाने पहुंचे किसानों पर मंत्री के बेटे ने अपना चार पहिया वाहन चढ़ा दिया। इसके बाद आगजनी और पथराव के चलते स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के साथ ही राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को भी कार्यक्रम में शामिल होना था। किसान काले झंडो के साथ इस कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे थे।

किसानों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री के बेेटे ने इस दौरान अपना चार पहिया वाहन किसानों पर चढ़ा दिया। घटना में 6 किसानों की मौत की बात सामने आ रही है। इनमें से 2 की मौत गाड़ी से कुचलकर हुई, जबकि 4 की मौत गाड़ी पलटने से हुई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 8 से ज्यादा किसानों के घायल होने की खबर है ।

बताया जा रहा है कि हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों बमुश्किल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को यहां से निकाल पाए। आक्रोष के बीच यहाँ भारी पुलिस बल तैनात मौजूद है।

घटना के बाद संयुक्त किसान मोर्चा के राकेश टिकैत लखीमपुर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी लखीमपुर पहुंचने वाली हैं।

यूपी के लखीमपुर खीरी के बनबीरपुर में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम था। तिकुनिया में किसान उप मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के लिए खड़े हुए थे। केशव प्रसाद मौर्य के पहुंचने से पहले ही भाजपाइयों और किसानों में झड़प हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपाइयों ने किसानों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इससे गुस्साए किसानों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी। किसानों का आरोप है कि लखीमपुर खीरी के सांसद और गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के पुत्र आशीष उर्फ मोनू मिश्रा ने किसानों पर कार चढ़ाई है।

Exit mobile version