प्रधानमंत्री जी, अपने ही किसानों से युद्ध, यह सिंघु बाॅर्डर है या चीन की सीमा

किसान आंदोलन के चलते सिंघु बाॅर्डर और गाजीपुर समेत दिल्ली की अन्य सीमाओं पर केंद्र सरकार ने जबर्दस्त नाकेबंदी की है।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) किसान आंदोलन के चलते सिंघु बाॅर्डर और गाजीपुर समेत दिल्ली की अन्य सीमाओं पर केंद्र सरकार ने जबर्दस्त नाकेबंदी की है। सड़कों पर बड़े-बड़े कीले ठोक दिए गए हैं। तार फेसिंग के ब्लाॅक बनाए गए हैं। कॉन्क्रीट की दीवारें खड़ी की गई हैं। भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात है। कुल मिलाकर सिंघु बाॅर्डर पर सरकार की तैयारियां कुछ ऐसी हैं जैसे देश की सीमाओं पर युद्ध की तैयारियां की गई हों।

सिंघु और गाजीपुर बाॅर्डर पर युद्धस्तरीय तैयारियों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस तस्वीरों को ट्वीट किया है।

राहुल गांधी ने लिखा भारत सरकार, ब्रिज बनाइए दीवारें नहीं

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाडा ने भी सरकार की तैयारियों का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, प्रधानमंत्री जी अपने ही किसानों से युदध?

गौरतलब है कि संयुक्त किसान मोर्चा ने 6 फरवरी को दिन के 12 बजे से 3 बजे तक पूरे देशभर में चक्का जाम करने का ऐलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने पुलिस पर आरोप लगाया कि प्रदर्शन में आए नौजवानों को परेशान किया जा रहा है, बेवजह उनकी पिटाई और गिरफ्तारी की की जा रही है। मोर्चा के अनुसार, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के बाद से किसानों के कई ट्रैक्टरों, वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही बॉर्डर के आसपास की जगहों को पूरी तरह ब्लॉक किया जा रहा है। धरना स्थल पर बिजली, पानी की आपूर्ति और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इसके विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने फैसला लिया है कि 6 फरवरी को देशभर की मुख्य सड़कों पर दिन के 12 से 3 बजे तक कोई गाड़ी नहीं चलने दी जाएगी।

Exit mobile version