BJP नेता को अरेस्ट करने UP आई पश्चिम बंगाल पुलिस की कमरे में बंद कर पिटाई

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी का सिर काटने की धमकी से जुड़ा मामला।

अलीगढ़ (जोशहोश डेस्क) एक स्थानीय भाजपा नेता को अरेस्ट करने आई पश्चिम बंगाल पुलिस की कमरे में बंद कर पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल पुलिस सादे कपड़ों में भाजपा नेता को अरेस्ट करने पहुँची थी। जहां स्थानीय लोगों से विवाद के बाद पुलिस के जवानों को कमरे में बंद कर पिटाई की गई। मौके पर पहुंचे सांसद सतीश गौतम और विधायक अनिल पाराशर व संजीव राजा ने स्थानीय पुलिस की मदद से बंगाल पुलिस के जवानों को बचा थाने पहुंचाया।

मामला पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी का सिर काटने की धमकी से जुड़ा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय ने ममता बैनर्जी का सिर काटने पर 11 लाख रुपए इनाम देने की बात कही थी। इस बयान पर पश्चिम बंगाल पुलिस भाजपा नेता को अरेस्ट करने पहुंची थी।

उत्तरप्रदेशओआरजीडाॅट काॅम के मुताबिक पश्चिम बंगाल की पुलिस टीम सादे कपड़ों में BJYM के पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय के घर पर पहुंची थी। वहां पर स्थानीय लोगों के साथ बंगाल पुलिस टीम की अनबन हुई। इसके बाद बंगाल पुलिस की लोगों ने कमरा बंद कर पिटाई की। सूचना पर सांसद सतीश गौतम, कोल विधायक अनिल पाराशर और शहर विधायक संजीव राजा मौके पर पहुंच गए। बंगाल पुलिस की टीम को वहां से सकुशल थाने पहुंचाया।

अलीगढ़ पुलिस के मुताबिक विवेचना के क्रम में पश्चिम बंगाल पुलिस थाना गांधीपार्क क्षेत्र पहुँची थी। यहाँ स्थानीय लोगों की टीम से अनबन हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने टीम पर बदतमीजी के आरोप लगाए। अधिकारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर स्थिति को शांत कराया गया। बंगाल पुलिस द्वारा कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।

मामला साल 2017 का बताया जा रहा है। दरअसल साल 2017 में भाजपा कार्यकर्ता योगेश वार्ष्णेय ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का सिर काटने वाले को 11 लाख देने की घोषणा की गई थी। इस विवादित बयान पर पश्चिम बंगाल की पुलिस ने मामला दर्ज किया था। वारंट होने के चलते बीजेपी कार्यकर्ता को बंगाल पुलिस गिरफ्तार करने आई थी।

Exit mobile version