लोकतंत्र-संविधान बचाने राहुल गांधी के साथ आदित्य ठाकरे ने मिलाया कंधे से कंधा

भारत जोड़ो यात्रा में आदित्य ठाकरे ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान के लिए हम साथ लड़ रहे हैं। हम आगे बढ़ते जाएंगे, कारवां आगे बढ़ता जाएगा।

मुंबई (जोशहोश डेस्क) राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र पहुंच चुकी है। शुक्रवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के युवा नेता आदित्य ठाकरे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में शामिल शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान के लिए हम साथ लड़ रहे हैं। हम आगे बढ़ते जाएंगे, कारवां आगे बढ़ता जाएगा।

आदित्य ठाकरे के साथ राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे और पूर्व विधायक सचिन अहीर भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने इस मौके पर कहा कि 40 गद्दारों की तरह हमने खुद को नहीं बेचा। लोकतंत्र और संविधान के लिए हम साथ लड़ रहे हैं।

कांग्रेस ने भी भारत जोड़ो यात्रा को क्रांति बताते हुए इसमें शामिल होने पर आदित्य ठाकरे का आभार जताया और कहा कि अन्याय के ख़िलाफ़ हम एक हैं। हक़ के लिए मिल कर आवाज़ उठाएंगे,कंधे से कंधा मिलाएंगे,भारत जोड़ते जाएंगे।

शिवसेना में फूट और महाराष्ट्र के सियासी हालात के मद्देनजर राहुल और आदित्य के बीच मुलाकात को अहम माना जा रहा है। मुंबई में नगर निकाय चुनाव से पहले राहुल के साथ आदित्य की कदमताल पर भाजपा और शिवसेना के शिंदे गुट की भी निगाह है। गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले और जितेंद्र आव्हाड ने भी भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था। राकांपा प्रमुख शरद पवार को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वह इसमें भाग नहीं ले सकें।

कन्याकुमारी से प्रारम्भ हुई भारत जोड़ो यात्रा केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र और तेलंगाना के बाद अब महाराष्ट्र में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा का अगला पड़ाव मध्यप्रदेश है। मध्यप्रदेश में भी यात्रा 350 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर और आदिवासी समाज के महानायक टंट्या भील की जन्मस्थली पर भी जाएंगे।

Exit mobile version