MPPolitics

लक्ष्मण सिंह की बेबाकी, अध्यक्ष कोई भी बने नतीजे ज्यों के त्यों रहेंगे जब तक कि…

लक्ष्मण सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि मंडलम और सेक्टर बनने के बाद भी निर्णय ऊपर से क्यों होते हैं?

भोपाल (जोशहोश डेस्क) पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह (lakshman singh) ने एक बार पार्टी की लेकर बेबाक राय दी है। लक्ष्मण सिंह ने कहा है कि पार्टी का अध्यक्ष कोई भी बने लेकिन जब तक बूथ कार्यकर्ता को मजबूत नहीं करेंगे नतीजे ज्यों के त्यों रहेंगे।

लक्ष्मण सिंह ने इसके साथ ही सवाल उठाते हुए कहा कि मंडलम और सेक्टर बनने के बाद भी निर्णय ऊपर से क्यों होते हैं? लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट कर यह बात कही है। उन्होंने अपने ट्वीट में भारतीय राष्टीय कांग्रेस (@INCIndia) के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस (@INCMP) को भी टैग किया है-

विधायक लक्ष्मण सिंह की इस बेबाकी को शनिवार को नई दिल्ली में पार्टी की कार्यसमिति की बैठक से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी की कार्यसमिति में संगठन ने चुनावी तारीख का ऐलान किया है जिसमें अक्टूबर 2022 में कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि कार्यसमिति में लगभग सभी नेताओं ने राहुल गांधी को ही दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। खुद राहुल गांधी ने भी इस पर विचार करने की बात कही है।

नई दिल्ली में कांग्रेस की कार्यसमिति बैठक

कांग्रेस में पिछला आंतरिक चुनाव 2017 दिसंबर में 5 साल की अवधि के लिए हुआ था। राहुल गांधी ने लोकसभा चुनावों में पराजय के बाद मई 2019 में बीच में ही अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। उसके बाद से ही सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के सभी कामकाज देख रही हैं।

गौरतलब है कि लक्ष्मण सिंह इससे पहले भी कई बार बड़ी बेबाकी से पार्टी को नसीहतें दे चुके हैं। बीते दिनों लक्ष्मण सिंह कहा था कि वे कांग्रेस की वर्तमान हालत से चिंतित हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को सलाह भी दी कि जिस तरह फसल बोने के बाद हम खरपतवार को नष्ट करते हैं, उसी तरह पार्टी में ऐसे कार्यकर्ताओं या अवसरवादी लोगों को नष्ट करने की जरूरत है तो केवल निजी हित के लिए पार्टी में शामिल होते हैं।

Back to top button