मस्जिद-मदरसे में संघ प्रमुख भागवत, क्या भारत जोड़ो यात्रा का असर?

सुर्खियों में संघ प्रमुख मोहन भागवत, कांग्रेस ने कसा तंज़

नई दिल्ली/जबलपुर (जोशहोश डेस्क) राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत की दिल्ली के मस्जिद में जाकर मुस्लिम विद्यार्थियों से संवाद किया जाना बेहद सुर्खियों में है। संघ ने इसे मुस्लिम समुदाय से संवाद बढ़ाने का प्रयास बताया है वहीं कांग्रेस ने इसे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर बताया है।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक दिग्जिवय सिंह ने जबलपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान मोहन भागवत के मदरसे और मस्जिद जाने पर कमोबेश ऐसी ही बात कही है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को अभी दो सप्ताह भी नहीं हुए और मोहन भागतव जी मदरसे और मस्जिद जा रहे हैं। दिग्जिवय सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें यह प्रेरणा भारत जोड़ो यात्रा से मिली है और हम उनका आभार जताते हैं।

दूसरी ओर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी एक डिबेट में इस बात को रखा। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ ही तीन बड़ी घटनाओं पर गौर करने की जरूरत है। पहली यह कि भाजपा प्रवक्ता अब लाइव शो में गोडसे मुर्दाबाद बोलने लगे हैं। दूसरी बात यह है कि सरकार के मंत्री अब बोलने लगे हैं कि नफरती डिबेट्स नहीं होना चाहिए और तीसरी बड़ी बात यह है कि मोहन भागवत अब इमाम से मिलकर कौमी एकता की बात कर रहे हैं।

दिग्विजय सिंह के साथ सुप्रिया श्रीनेत का कटाक्ष संघ प्रमुख मोहन भागवत की गुरूवार को दिल्ली यात्रा को लेकर था। इस दौरान भागवत ने अखिल भारतीय इमाम संगठन के प्रमुख डॉ उमेर अहमद इलियासी से मुलाकात की थी। साथ ही उन्होंने एक मदरसे में मुस्लिम छात्रों से संवाद भी किया था। उमेर इलियासी ने मुलाकात के बाद संघ प्रमुख को ‘राष्ट्रपिता’ और ‘राष्ट्रऋषि’ तक बताया जो काफी सुर्ख़ियों में है।

Exit mobile version