भारत जोड़ो यात्रा की कल यूपी में एंट्री, अखिलेश के पत्र से गर्माई सियासत

यह साफ नहीं कि अखिलेश यादव भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे या नहीं

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ब्रेक के बाद मंगलवार से फिर प्रारंभ हो रही है। यात्रा सुबह लोनी के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। वहीं यूपी में एंट्री से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पत्र से सियासी गलियारों में भी हलचल मच गई है।

दरअसल अखिलेश यादव ने भारत जोड़ो यात्रा में मिले आमंत्रण पर जवाबी पत्र लिखा है। उन्होंने इस पत्र में भारत जोड़ो को देश की समावेशी संस्कृति का प्रतीक बताते हुए इसकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं-

हालांकि पत्र से यह साफ नहीं हो रहा कि अखिलेश यादव भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे या नहीं, लेकिन पत्र की जवाबी भाषा से सियासी सरगर्मियां जरूर बढ़ गई हैं। अखिलेश यादव ने पत्र में लिखा कि भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक अवधारणा है। इसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और मैत्री ऐसे सकारात्मक तत्व हैं जो भारत को एक सूत्र में बांधते हैं।

अखिलेश यादव ने उम्मीद जताते हुए आगे लिखा कि राहुल गांधी की यह यात्रा देश की इस समावेशी संस्कृति को बनाए रखने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी। दूसरी ओर बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भी भारत जोड़ो यात्रा के आमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया है-

इससे पहले पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी के यात्रा में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर राहुल गांधी ने यात्रा को सभी के लिए खुला बता माहौल पहले ही गर्मा दिया था। हालांकि राहुल गांधी ने साफ कर दिया कि इससे भाजपा को दिक्कत हो सकती है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब तक करीब दो हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुकी है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से प्रांरभ हुई यात्रा केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक का सफर पूरा करने के बाद कल उत्तरप्रदेश में प्रवेश करेगी।

Exit mobile version