National

कोरोना के भयानक आंकड़े : एक दिन में आए 1 लाख से ज्यादा मामले

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) देश में कोरोना की दूसरी लहर पहली से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो रही है। आज पहली बार एक दिन में संक्रमण के एक लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। ये संख्या एक लाख तीन हजार 558 है। पिछली बार एक दिन में सबसे ज्यादा मामले 16 सितंबर 2020 को दर्ज किए गए थे। तब मामलों की संख्या 97 हजार 894 थी। तब 1132 लोगों की मौत हुई थी। जबकि पिछले 24 घंटों में 478 मौत दर्ज की गई हैं।

इन मामलों में महाराष्ट्र के ही 57 फीसदी आंकड़े हैं। राज्य में दैनिक नए मामलों का आंकड़ा 47,913 तक पहुंच गया है। महाराष्ट्र में इससे पहले जब कोरोना वायरस महामारी चरम पर थी, उसके मुकाबले यह आंकड़ा दोगुने से भी ज्यादा हैं।

देश में कुल संक्रमित मामलों में 91 फीसदी से ज्यादा की हिस्सेदारी 10 राज्यों की है और इन्हीं राज्यों में कोरोना से सबसे ज्यादा मौत भी हुई हैं। पीएमओ के बयान के मुताबिक पिछले 14 दिनों में देश में मामलों की कुल संख्या में 4.5 फीसदी पंजाब से हैं, जबकि मौतों की कुल संख्या में इसकी हिस्सेदारी 16.3 फीसदी रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढकर एक करोड़ 25 लाख 89 हजार 67 हो गई है। जबकि अबतक एक लाख 65 हजार 101 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में दिन पर दिन एक्टिव केस बढ़ रहे हैं, जिनकी संख्या अब 7 लाख 41 हजार 830 हो गई है। कल कोरोना से 52 हजार 847 लोग ठीक भी हुए हैं, जिसके बाद देश में ठीक होने वाले लोगों की संख्या एक करोड़ 16 लाख 82 हजार 136 हो गई है।

Back to top button