Politics

PM मोदी की लोकप्रियता एक साल में 66 से 24% हुई, टॉप-10 CM में नहीं शिवराज

इंडिया टुडे का मूड ऑफ़ द नेशन पोल, PM मोदी की लोकप्रियता में बड़ी गिरावट।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता में एक साल में बड़ी गिरावट सामने आई है। अगस्त 2020 में नरेंद्र मोदी को 66 प्रतिशत लोगों ने प्रधानमंत्री के रूप में अपनी पहली पसंद बताया था लेकिन अगस्त 2021 तक आंकड़ा गिरकर केवल 24 प्रतिशत ही रह गया है। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान टॉप-10 मुख्ममंत्रियों में जगह नहीं बना पाए हैं। यह बात न्यूज चैनल इंडिया टुडे के मूड ऑफ़ द नेशन पोल में सामने आई।

इस पोल में केवल 24 प्रतिशत लोगों ने ही अगले प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी को अपनी पहली पसंद बताया जबकि अगस्त 2020 में 66 प्रतिशत लोगों ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में अपनी पहली पसंद बताया था। इस पोल में योगी आदित्यनाथ 11 प्रतिशत वोट के साथ नंबर दो पर हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को इस पोल में दस प्रतिशत लोगों ने प्रधानमंत्री के रूप में अपनी पहली पसंद बताया।

राहुल गांधी को एक साल पहले इस पोल में आठ फीसदी वोट मिले थे। वहीं ममता बैनर्जी ने बीते एक साल में अपनी लोकप्रियता में चार गुना इजाफा किया है। एक साल पहले तक जहां उन्हें केवल 2 प्रतिशत लोगों ने प्रधानमंत्री के रूप में पहली पसंद बताया था वहीं अब यह आंकड़ा 8 प्रतिशत तक आ गया है।

वहीं अपने राज्य में सबसे ज्यादा लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में तमिलनाडु के एमके स्टालिन 42 प्रतिशत वोटों के साथ शीर्ष पर हैं। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 38 प्रतिशत मतों के साथ नंबर दो और केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन 35 प्रतिशत वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे चौथे और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पांचवे स्थान पर हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम अपने राज्य में लोकप्रियता के मामले में टाॅप 10 मुख्यमंत्रियों में नहीं है। टाॅप 10 में भाजपा शासित राज्यों के केवल दो मुख्यमंत्री शामिल हैं। इनमें असम के मुख्यमंत्री हेमंता विस्वा सरमा छठवें और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सातवें स्थान पर हैं।

कांग्रेस शासित राज्यों में केवल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही टाॅप 10 में शामिल हैं। उन्हें 22 प्रतिशत वोटों के साथ आठवां स्थान मिला है। वहीं छत्तीसगढ के मुख्यमंतरी भूपेश बघेल को 19 प्रतिशत वोट मिले हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस सूची में जगह नहीं बना पाए हैं। टॉप 5 सभी मुख्यमंत्री गैर भाजपा शासित राज्यों के हैं।

Back to top button