गृहराज्य हारे JP नड्डा को अभयदान, 2024 तक BJP की कमान

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में सर्वानुमति से फैसला

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) जेपी नड्डा अब साल 2024 तक भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। मंगलवार को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वानुमति से यह फैसला लिया गया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस फैसले की जानकारी मीडिया को दी।

अमित शाह ने बताया कि जेपी नड्डा के लिए राष्ट्रीय कार्यकारणी में राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव को रखा। सभी भाजपा के सदस्यों ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया है। इसके साथ ही जून 2024 तक के लिए जेपी नड्डा का भाजपा के अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल बढ़ गया है।

हाल ही में जेपी नड्डा के गृहराज्य हिमाचल प्रदेश में भाजपा की करारी हार हुई थी। हार का कारण स्थानीय स्तर पर गुटबाजी को माना गया था। इसके बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि नड्डा को हिमाचल की हार के चलते अध्यक्ष पद से हटाया जा सकता है लेकिन यह अटकलें गलत साबित हो गईं।

यह कहा जा रहा था कि भाजपा इस साल होने वाले नौ राज्यों के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बदलाव का जोखिम नहीं लेगी और हुआ भी कमोबेश ऐसा ही। नड्डा को जून 2024 तक का एक्सटेंशन मिला है ऐसे में यह साफ हो गया है कि भाजपा अगला लोकसभा चुनाव में भी जेपी नड्डा के नेतत्व में लड़ेगी।

Exit mobile version