कमलनाथ का बड़ा ऐलान, 500 रुपए में गैस सिलेंडर देगी कांग्रेस सरकार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का बड़ा दांव, कांग्रेस सरकार बनने पर 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का ऐलान

नरसिंहपुर (जोशहोश डेस्क) साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सरगर्मियां लगातार तेज़ होती जा रही हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष अपने वादों इरादों से जनता के बीच कोई कमी छोड़ना नहीं चाह रहे हैं। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को में नरसिंहपुर में बड़ा वादा किया। कमलनाथ ने कांग्रेस सरकार बनने पर 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का ऐलान किया।

कमलनाथ रविवार को नरसिंहपुर प्रवास पर पहुंचे। यहाँ उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने सभा में बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि कांग्रेस की सरकार आने पर गैस सिलेंडर 500 रूपये में दिया जाएगा। साथ ही वो महिलाओं को 1500 रूपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान मुझसे हिसाब मांगते हैं..वे 18 साल का हिसाब दें मैं 15 महीने का हिसाब दे दूंगा। इसी के साथ उन्होने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह चौहान घोषणाओं के नशे में हैं। वहीं महंगाई का जिक्र करते हुए उन्होने कहा कि बीजेपी राज में महंगाई आसमान छू रही है।

गैस सिलेंडर की कीमत का हवाला देते हुए कमलनाथ ने कहा कि मैं घोषणा करता हूं कि कांग्रेस की सरकार आने पर हम 500 रूपये में गैस सिलेंडर देंगे। कमलनथ ने ओल्ड पेंशन स्कीम और आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर किए वादे को भी दोहराया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कमलनाथ ने यह भी कहा कि अगले 7 महीने में हमारे सामने विधानसभा चुनाव है। नरसिंहपुर में आपने मेडिकल कॉलेज, कृषि महाविद्यालय की मांग की है। ये आपको मुख्यमंत्री के नाते नहीं पड़ोसी के नाते दिया जाएगा।

कमलनाथ ने देश की संस्कृति की रक्षा करना को भी चुनाव में बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि भारत ऐसा देश है जिसमे इतने धर्म जाति भाषाएं त्योहार हों। ऐसा कोई देश विश्व में नहीं है, ये हमारा भारत है। हमारी जोड़ने की संस्कति है। आज इस संस्कृति पर हमला हो रहा है। हम कौन से रास्ते पर चलना चाहते हैं..जोड़ने के रास्ते पर या तोड़ने के रास्ते पर। हम आने वाली पीढ़ियों को कैसा प्रदेश सौंपना चाहते हैं। इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा है कि हम कौन से रास्ते पर चलना चाहते हैं। आपको इस संविधान और संस्कृति का रक्षक बनना है।’

Exit mobile version