Politics

राज्यसभा: MP से तमिलनाडु के मुरुगन BJP उम्मीदवार, सर्बानंद को गृहराज्य का आनंद

केंद्रीय मंत्री डॉ एल. मुरुगन मध्यप्रदेश और सर्बानंद सोनोवाल असम से जाएंगे राज्यसभा।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट के उपचुनाव में केंद्रीय मंत्री डॉ एल. मुरुगन को अपना उम्मीदवार बनाया है। एक अन्य केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को अपने गृह राज्य असम से पार्टी ने राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने शनिवार को इन दोनों उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। तमिलनाडु के बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री डॉ एल मुरुगन को मध्यप्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार में मुरुगन को मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के साथ ही सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।

मध्यप्रदेश और असम की सीटों पर 4 अक्टूबर को मतदान है। थावरचंद गहलोत को कर्नाटक के राज्यपाल बनाए जाने के बाद मध्यप्रदेश में राज्यसभा सीट रिक्त हो गई थी। इस सीट पर राज्यसभा के लिए भाजपा में पूर्व सीएम उमा भारती और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का भी नाम चल रहा था। अनुसूचित जाति मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य को भी बड़ा दावेदार माना जा रहा था।

तमिलनाडु में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा दो दशक बाद चार सीट जीतने में सफल रही थी, माना जा रहा है कि इसी के पुरस्कार स्वरूप मुरुगन को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में जगह मिली है। अभी मुरुगन किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, उन्हें 6 माह में संसद सदस्य बनना जरूरी था। इसलिए मुरुगन के लिए मध्यप्रदेश की सुरक्षित सीट चुनी गई। 

कांग्रेस नहीं लड़ेगी चुनाव

राज्यसभा की एक सीट के लिए चुनाव के लिए कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर के मुताबिक इसकी वजह विधानसभा में संख्या बल है जिसके हिसाब से बीजेपी के खाते में यह सीट जान तय है।

Back to top button