राहुल गांधी को देश की जरूरत बता वृद्धा ने नाम कर दी 50 लाख की संपत्ति

उत्तराखंड की 78 वर्षीय महिला ने राहुल गांधी के नाम की 50 लाख की संपत्ति। कहा-राहुल गांधी की जरूरत पूरे देश को, इसलिए लिया फैसला।

देहरादून (जोशहोश डेस्क) उत्तराखंड की एक नेत्रहीन 79 वर्षीय महिला ने अपनी सारी संपत्ति कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम कर दी। संपत्ति करीब 50 लाख रुपए की बताई जा रही है इसके अलावा 10 तोला सोना भी बुजुर्ग महिला ने राहुल गांधी के नाम कर दिया। बुजुर्ग महिला का कहना है कि राहुल गांधी की जरूरत पूरे देश को है इसलिए उन्होंने यह फैसला लिया।

राहुल गांधी के नाम अपनी संपत्ति करने वाली बुजुर्ग महिला पुष्पा मुंजियाल देहरादून की रहने वाली पूर्व शिक्षिका हैं। पुष्पा मुंजियाल ने इस संबंध में एक वसीयतनामा देहरादून कोर्ट में भी पेश किया। इसमें राहुल गांधी को उनकी सारी संपत्ति का मालिकाना हक दिए जाने का जिक्र है। देहरादून कांग्रेस के अध्यक्ष लालचंद्र शर्मा ने कहा कि महिला ने राहुल गांधी के नाम अपनी सम्पत्ति का वसीयतनामा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को उनके आवास पर जाकर सौपा।

बुजुर्ग पुष्पा का कहना है कि वह राहुल गांधी के विचारों से प्रभावित हैं। इसलिए अपनी संपत्ति उनके नाम कर रही हैं। पुष्पा मुंजियाल का मानना है कि राहुल गांधी के परिवार ने आजादी से लेकरआज तक हमेशा आगे बढ़कर देश के लिए सर्वाोच्च कुर्बानी दी है। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने इस देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने देश की सेवा के लिए खुद को समर्पित कर दिया है। वह इससे बहुत प्रभावित हैं।

पुष्पा मुंजियाल ने राहुल गांधी के नाम संपत्ति करते हुए कहा कि वो सीधे इंसान हैं, इन पैसों को समाज हित में लगाएँ। पुष्पा मुंजियाल ने बताया कि इससे पहले भाजपा सरकार में उन्होंने दून हॉस्पिटल को 25 लाख दिए थे लेकिन वो पैसे खा गए। ऐसी सरकार को क्या पैसे देना। इसलिए उन्होंने निर्णय लिया है कि सारी संपत्ति राहुल गांधी के नाम की जाए। देहरादून के एक आश्रम में रह रही पुष्पा मुंजियाल ने यह भी कहा कि मैंने राहुल की पत्नी को देने के लिए कुछ गहने रखे थे, लेकिन राहुल ने शादी नहीं की तो अब उसे ही दे रही हूं।

Exit mobile version