प्रभु कृपा: किसिंग कांड में सस्पेंड सिविल सर्जन को बनाया CMHO

भोपाल (जोशहोश डेस्क) शिवराज सरकार के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी लगातार विवादों में बने हुए हैं।अभी सीनियर्स को नजरअंदाज कर उनकी पत्नी को संयुक्त संचालक बनाए जाने को लेकर विवाद थमा भी नहीं था कि अब उनके विभाग ने उज्जैन के किसिंग कांड में सस्पेंड सिविल सर्जन डाॅक्टर राजू निथारिया को शाजापुर सीएमएचो बना दिया है।

गौरतलब है कि सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल होने के बाद सिविल सर्जन राजू निथारिया को पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने सस्पेंड कर दिया था। वीडियो उज्जैन के सिविल अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर का बताया गया था। वीडियो में सिविल सर्जन एक नर्स साथ आपत्तिजनक अवस्था में दिखाई दे रहे थे।

सिविल सर्जन डाॅक्टर राजू निथारिया को शाजापुर सीएमएचओ बनाए जाने को लेकर कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी निशाने पर लिया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट कर सवाल उठाया है कि शिवराज जी आज कल आप किस फाॅर्म में हैं? प्रभु कहीं बेडा गर्त न कर दें।

इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी उस समय विवादों में आ गए थे जब उनकी पत्नी नीरा चौधरी को क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय में संयुक्त संचालक बना दिया गया था। यह नियुक्ति विभाग के कई सीनियर डाॅक्टर्स को बायपास कर की गई थी। नीरा चौधरी इससे पहले भोपाल में प्रभारी जिला स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं।

Exit mobile version