राहुल गांधी स्मार्ट युवा और जिज्ञासु व्यक्ति, प्रचारित छवि दुर्भाग्यपूर्ण: रघुराम राजन

आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने राहुल गांधी को लेकर व्यक्त किये विचार

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। रघुराम राजन ने राहुल गांधी की विपक्षी दलों द्वारा प्रचारित की गई छवि को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। साथ ही रघुराम राजन ने राहुल गांधी स्मार्ट व्यक्ति बताया है। एक इंटरव्यू में रघुराम राजन ने राहुल गांधी को लेकर अपने विचार व्यक्त किये हैं।

पिछले महीने राजस्थान में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हो चुके आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा कि उन्हें लगता है कि राहुल की छवि दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल किसी भी तरह से ‘पप्पू’ नहीं है बल्कि वे एक स्मार्ट युवा और जिज्ञासु व्यक्ति हैं। राजन ने कहा किप्राथमिकताओं के साथ बुनियादी जोखिम और उनका मूल्यांकन करने की क्षमता की अच्छी समझ होना सबसे महत्वपूर्ण है और राहुल इन सभी चीजों के लिए सक्षम हैं।

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को लेकर रघुराम राजन ने कहा कि वे राहुल गांधी के साथ चले क्योंकि वह भारत जोड़ो यात्रा के मूल्यों के लिए खड़े थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की आर्थिक नीतियों की आलोचना पर रघुराम राजन ने कहा कि वह मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के भी आलोचक थे। रघुराम राजन ने इंटरव्यू में साफ किया कि वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होने वाले हैं।

गौरतलब है कि रघुराम राजन ने जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था, तब राहुल गांधी ने बकायदा उनका इंटरव्यू लिया था। राहुल गांधी के साथ आर्थिक मुद्दों पर बात करते हुए राजन ने कहा था कि भारत के लिए 2023 ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाला है। राजन ने कहा था कि हम पूंजीवाद के खिलाफ नहीं हो सकते हैं। हम बाजार पर एकाधिकार के खिलाफ हो सकते हैं।

Exit mobile version