Politics

MP में आ रहा कांग्रेस का तूफ़ान, 145-150 सीट जीत बनाएंगे सरकार

राहुल गांधी का चुनाव प्रचार ख़त्म होने से एक दिन पहले विदिशा में बड़ा दावा

विदिशा (जोशहोश डेस्क) मैं 100 प्रतिशत कह सकता हूं कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस का तूफान आने वाला है। आप लिखकर रख लो मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस को 145 से 150 सीट तक देने जा रही है। मध्यप्रदेश में चुनाव प्रचार ख़त्म होने से एक दिन पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदिशा में जनसभा को संबोधित करते हुए यह दावा किया।

राहुल गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार चुनी थी। यहां करोड़ों रुपए देकर कांग्रेस पार्टी के विधायकों को खरीदकर सौदा करके, जो आपका निर्णय था। जो आपके दिल की बात थी। उसे बीजेपी के नेताओं ने, प्रधानमंत्री ने कुचलने का काम किया। आपके साथ धोखा किया। अरबपतियों को धोखा नहीं दिया, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों, युवाओं, बेरोजगार युवाओं को धोखा दिया।

जनसभा में राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि तोमर के बेटे के अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। जिनमें वो करोड़ों रुपए की बात कर रहा है। इस पर पीएम मोदी कुछ नहीं बोलते? अब तक उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को चोरी करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने हमारी सरकार क्यों चोरी की। क्योंकि ये चोरी करना चाहते हैं। इन्होंने व्यापम के जरिए 1 करोड़ लोगों को भविष्य बेच डाला। 40 लोगों की हत्या हुई। मोदी ने जांच कराई? प्रजातंत्र की चोरी करने वाली भाजपा ने प्रदेश के युवाओं का भविष्य, किसान की ख़ुशहाली, दलितों के अधिकार, महिलाओं का बराबरी का अधिकार, सब छीन लिया और भ्रष्टाचारी कुशासन की वेदीं पर बलि चढ़ा दिया।

इस दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसान को गेहूँ का MSP ₹2,600/क्विंटल और ₹3,000/क्विंटल तक बढ़ाने का वादा किया। साथ ही किसान के क़र्ज़ माफ़ और 5 हॉर्स पॉवर तक की मोटर का बिल भी माफ़ किये जाने का ऐलान किया। महिलाओं का सुरक्षा चक्र लाने का वादे को दोहराते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार बेटी के जन्म पर ₹2.51 लाख, बेटी की शादी पर ₹1.01 लाख, महिलाओं को हर महीने ₹1,500, बीमारी के लिए ₹25 लाख का फ्री बीमा व ईलाज़ और वृद्ध महिलाओं की बुढ़ापा पेंशन ₹1,200/महीना देगी।

Back to top button