Politics

भोपाल भाजपा कार्यालय में यौन शोषण, वीडियो जारी कर बताई आप बीती

भाजपा कार्यालय में यौन शोषण का मामला सामने आया है। एक युवा कार्यकर्ता ने भाजपा कार्यालय के पुस्तकालय में उसके साथ यौन शोषण का आरोप लगाया।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) भाजपा कार्यालय में यौन शोषण का मामला सामने आया है। एक युवा कार्यकर्ता आरुषि (परिवर्तित नाम ) ने भाजपा कार्यालय के पुस्तकालय में उसके साथ यौन शोषण का आरोप लगाया। कार्यकर्ता का आरोप है कि पुस्तकालय में उसके साथ एक बुजुर्ग ने अभद्रता की। यही नहीं कार्यकर्ता की एक सहेली ने भी बुजुर्ग पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ता ने आपबीती वीडियो जारी कर बताई है।

युवा कार्यकर्ता वीडियो में कहती नजर आ रही हैं कि मैं एक छोटे से कस्बे से संबंध रखती हैं। मैं अपना जीवन भारत भूमि की सेवा और संगठन की सेवा के लिए समर्पित करना चाहती हूं। इसलिए भोपाल आकर संगठन के कार्य को करने का प्रयास किया है। मैं अपने राजनीतिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए भाजपा कार्यालय के नानाजी देशमुख पुस्तकालय में अध्ययन करती हूँ।

मेरे साथ पुस्तकालय में कुछ महीनों से अभद्र व्यवहार हो रहा है। पुस्तकालय में एक बुजुर्ग सज्जन ने 12 मार्च को मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया।

वीडियो में कार्यकर्ता की सहेली ने भी इन सज्जन पर फुसलाने के आरोप लगाए। हालांकि ये सज्जन कौन हैं इसका पता नहीं चल सका। कार्यकर्ता का आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है।

वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा की कथनी करनी पर सवाल उठाए। कांग्रेस प्रवक्ता सैय्यद जाफर ने कार्यकर्ता के वीडियो के साथ ट्ववीट किया

जोशहोश मीडिया ने युवा कार्यकर्ता से बात की। उनका कहना था कि मैंने अपनी बात संगठन तक रख दी है। इससे ज्यादा और कुछ नहीं कहना।

आरोप लगाने वाली कार्यकर्ता की फेसबुक पर शिवराज सिंह चौहान के साथ तस्वीर भी है। इसमें वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की बधाई देती नजर आ रही है।

वीडियो में आरोप लगाने वाली कार्यकर्ता अपनी बात राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंचाती नजर आ रही हैं।

Back to top button