Politics

कैबिनेट विस्तार: MP से सिंधिया तय, निशंक के इस्तीफे के बाद सहस्त्रबुद्धे भी रेस में

विनय सहस्त्रबुद्धे को नया शिक्षा मंत्री बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) केंद्रीय मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार बुधवार शाम को हो रहा है। विस्तार से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक समेत चार मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम तय है वहीं अब विनय सहस्त्रबुद्धे को नया शिक्षा मंत्री बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हालांकि अब भी मंत्रिमंडल विस्तार में नए मंत्रियों की संख्या और नामों को लेकर स्थिति साफ नही है लेकिन सिंधिया दिल्ली पहुंच चुके हैं। नाम तय होने की खबरों के बाद उनके दिल्ली स्थित आवास पर सुबह से ही बड़ी हलचल देखी जा रही है। वहीं विनय सहस्त्रबुद्धे को भी अचानक दिल्ली बुला लिया गया। कैलाश विजयवर्गीय भी दिल्ली में ही हैं ऐसे में उनका नाम भी चर्चाओं में है।

मंत्रिमंडल में कुछ बड़े परिवर्तन भी किये जा सकते हैं। अटकलें हैं कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की जगह अब पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के विभाग में भी परिवर्तन किए जाने की बात कही जा रही है।

वहीं अनुराग ठाकुर, किरण रिजुजू, मनसुख मांडविया और हरदीप सिंह पुरी को पदोन्नत किया जा सकता है। साथ ही तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों सर्वानंद सोनोवाल, तीरथ सिंह रावत और नारायण राणे को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

कैबिनेट विस्तार से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा महिला बाल विकास मंत्री देबोश्री चौधरी, उर्वरक और रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा और श्रम राज्य मंत्री संतोष गंगवार से भी इस्तीफा ले लिया गया है। वहीं, केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत मंगलवार को ही इस्तीफा दे चुके हैं। बाबुल सुप्रियो से भी इस्तीफ़ा मांगे जाने की खबर है।

Back to top button