MP

धार में कल प्रियंका की हुंकार, मालवा में प्रदर्शन दोहराने को कांग्रेस बेक़रार

प्रियंका गांधी गुरुवार को धार जिले के मोहनखेड़ा में चुनावी जनसभा को करेंगी संबोधित

भोपाल (जोशहोश डेस्क) विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस आलाकमान का प्रदेश पर फोकस गहराता जा रहा है। कांग्रेस के चुनावी अभियान को धार देने पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को धार जिले के मोहनखेड़ा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी उनके साथ होंगे।

हाल ही में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शाजापुर जिले के कालापीपल में बड़ी जनसभा को संबोधित किया था। प्रियंका गांधी इससे पहले जबलपुर और ग्वालियर में चुनावी रैली कर चुकी हैं। प्रियंका के धार दौरे से साफ़ है कि कांग्रेस मालवा अंचल में अपने प्रदर्शन को बरकरार रख चुनावी समर में भाजपा को कड़ी चुनौती देने की रणनीति पर काम कर रही है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि प्रियंका गांधी गुरुवार सुबह 9.15 बजे नई दिल्ली से विशेष वायुयान से प्रस्थान कर 10.45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वे 11 बजे इंदौर से धार जिले के मोहनखेड़ा के लिए रवाना होंगी और 11.30 बजे मोहनखेड़ा पहुंचेंगी। यहां वे 11.40 बजे जैन तीर्थ स्थल का दर्शन एवं तीर्थ स्थल के ट्रस्टी प्रतिनिधियों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में शामिल होंगी।

इसके बाद प्रियंका गांधी मोहनखेड़ा में ही दोपहर 12.10 बजे आदिवासी जननायक अमर शहीद टंट्या मामा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगी। वहीं, दोपहर 12.20 बजे मोहनखेड़ा में कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करेंगी। विधानसभा चुनाव के लिहाज से प्रियंका गांधी का आदिवासी बाहुल्य धार जिले का दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।

प्रदेश में कुल 230 सीटों में से 47 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं, लेकिन उनका प्रभाव 80 से ज्यादा सीटों पर है। 2018 के चुनाव में आदिवासी वोटरों के छींटकने के चलते ही भाजपा को सत्ता गंवानी पड़ गई थी। पिछले चुनाव में 47 में से 30 सीटें कांग्रेस ने जीती और 16 सीटें बीजेपी के खाते में गईं जबकि एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी।

Back to top button