कर्नाटक में शपथ: जो कहते वो कर दिखाते हैं, पहली कैब‍िनेट में पूरे होंगे 5 वादे

कर्नाटक में सिद्धारमैया-डीके शिवकुमार ने ली शपथ, राहुल गांधी ने दोहराया वचन

बेंगलुरु (जोशहोश डेस्क) कर्नाटक में शनिवार को सिद्धारमैया ने 30वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साथ ही डीके शिवकुमार ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दोनों के साथ 8 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। शपथ समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हुए।

इस मौके पर राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि हम झूठे वादे नहीं करते हैं। जो हम कहते हैं, वो हम कर दिखाते हैं। कर्नाटक की नई कांग्रेस सरकार पहली कैब‍िनेट में 5 वादे पूरे करेगी।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कर्नाटक की जनता को मैं द‍िल से धन्‍यवाद देता हूं। इस जीत का सिर्फ एक कारण है कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक के गरीबों, कमजोरों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों के साथ खड़ी हुई। हमारे पास सच्‍चाई थी और गरीब लोग थे, BJP के पास धन, ताकत, पुल‍िस, सारा कुछ था। उनकी सारी ताकत को कर्नाटक की जनता ने हरा द‍िया। उनके भ्रष्‍टाचार को हरा दिया, उनकी नफरत को हरा द‍िया।

राहुल गांधी ने राज्य में जिन वादों को पूरा करने की बात कही उन्हें चुनाव में काफी निर्णायक माना जा रहा है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में इन पांच वादों को प्राथमिकता दी थी-

  1. 200 यूनिट तक बिजली फ्री
  2. गरीब परिवार की मुखिया महिला को 2 हजार महीना
  3. महिलाओं के लिए यातायात फ्री
  4. बेरोजगारों को दो साल तक भत्ता – ग्रेजुएट को तीन हजार, डिप्लोमा को डेढ़ हजार
  5. बीपीएल परिवारों को दस किलो चावल फ्री

शपथ समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल हुए। वहीं विपक्षी नेताओं में बिहार के उप मुख्यमंत्री, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, महबूबा मुफ्ती, डी राजा, सीताराम येचुरी, एमके स्टालिन, शरद पवार, फारूख अब्दुल्ला ने भी शिरकत की।

गौरतलब है कि 13 मई को आये विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135 सीट पर जीत हासिल की है। वहीं BJP केवल 66 सीटों पर ही सिमट गई। खुद को तीसरी ताकत कहने वाली JDS केवल 19 सीटों पर जीत हासिल कर सकी थी।

Exit mobile version