मंत्री स्मृति ईरानी पर भड़कीं सोनिया गांधी, कहा- डोंट टॉक टु मी

अधीर रंजन चौधरी के बयान को लेकर दोनों सदनों में बवाल, संसद परिसर में भाजपा की महिला नेत्रियों द्वारा घेरे जाने पर सोनिया गांधी दिखीं नाराज।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी को लेकर संसद में गुरुवार को बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखा विवाद हुआ। सत्तापक्ष और विपक्ष में हुए हंगामे के बाद सदन भी स्थगित करना पड़ा। संसद परिसर में भाजपा की महिला नेत्रियों द्वारा घेरे जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी नाराज दिखीं।

अधीर रंजन चौधरी के बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी निशाने पर लेना चाहा। सोनिया गांधी जब संसद परिसर में थीं तो भाजपा की महिला सांसदों ने उन्हें रोक लिया। भाजपा सांसद रमा देवी ने सोनिया गांधी से सांसद अधीर रंजन की राष्ट्रपति पर की गई टिप्पणी की शिकायत की।

सोनिया ने उन्हें जवाब दिया कि अधीर रंजन ने माफी मांग ली है, लेकिन इस मामले में मेरा नाम क्यों लिया गया? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इतना सुनकर वहां मौजूद मंत्री स्मृति ईरानी बीच में बोल पड़ीं। उन्होंने कहा- मैंने आपका नाम लिया था। इस पर सोनिया ने दो टूक जवाब दिया कि-डोंट टॉक टु मी। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। राकांपा सांसद सुप्रिया सुले तब सोनिया गांधी को दूर ले गईं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी बीच-बचाव किया।

कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा के मुताबिक़ जिस तरह वहां बर्ताव हो रहा था, हमें तो लगा जैसे हम पर थोड़ी देर में हमला ही हो जाएगा। बाद में हमने बीच-बचाव कर सोनिया जी को वहां से निकाला। सोनिया जी तो कुछ बोल भी नहीं पाईं। महिला तो महिला, पुरुष सांसद भी उन पर चिल्लाने लगे। एक वरिष्ठ महिला नेता के साथ बात करने का तरीका भी इन लोगों को नहीं मालूम है।

वहीं कांग्रेस सांसद ज्योत्सना महंत ने बताया कि सोनिया गांधी रमा देवी के पास जा रही थीं और जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भाजपा सांसद रमा देवी से बात कर रही थीं, तभी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी वहां आ गईं और चिल्लाने लगीं। इससे पहले कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सदन में भाजपा सांसदों पर सोनिया गांधी के साथ शर्मनाक व्यवहार का आरोप लगाया।

दूसरी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया पर भाजपा की महिला सांसदों को धमकाने का आरोप आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने ने स्मृति ईरानी समेत अन्य भाजपा सांसदों से बुरा बर्ताव किया है। वित्त मंत्री ने कहा कि पहली बात तो यह कि उनकी पार्टी ने राष्ट्रपति के बारे में की गई टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगी। दूसरी बात यह कि उन्होंने गुमराह किया और तीसरी बात यह कि उन्होंने बाकी सांसदों के लिए धमकाने वाले अंदाज में बात की। एक तो वे माफी नहीं मांग रहीं, बल्कि धमका रही हैं।

Exit mobile version