राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से गदगद सुमित्रा ताई, सकते में भाजपाई?

भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी की मुक्तकंठ से की प्रशंसा

इंदौर (जोशहोश डेस्क) राहुल गांधी की कन्याकुमारी से प्रारंभ भारत जोड़ो यात्रा अब महाराष्ट्र में प्रवेश कर चुकी है। महाराष्ट्र के बाद यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस में तैयारियों का दौर जारी है। वहीं अब भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।

ताई ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि मुझे यात्रा के बारे में जानकर बहुत अच्छा लगा। ताई ने आगे कहा कि मैं जब प्रवचन किया करती थी तब मैं बोलती थी जिन महापुरुषों ने भी देश के लिए काम किया है उन्होंने हिंदुस्तान को पहले देखा फिर काम मे लग गए। राहुलजी की भी इच्छा हुई है यह बहुत अच्छी बात है।

ताई के इस बयान को प्रदेश की वर्तमान सियासत के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है। इसका कारण यह है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा प्रदेश में निमाड़ और मालवा से गुजरेगी और यात्रा के तैयारी का केंद्र इंदौर ही बना हुआ है और सुमित्रा महाजन को मालवा की प्रमुख आवाज माना जाता है।

ऐसे में सुमित्रा महाजन का राहुल गांधी और यात्रा का तारीफ करने से भाजपा सकते में बताई जा रही है। सुमित्रा ताई का राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की प्रशंसा करना इसलिए भी अपने आप में बड़ी बात है क्योंकि प्रदेश भाजपा के नेता अब तक यात्रा को लेकर नकारात्मक टिप्पणी ही कर रहे हैं।

दूसरी ओर भारत जोड़ो यात्रा के लिए तैयारियों का दौर मप्र कांग्रेस ने तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ खुद तैयारियों की कमान थामे हुए हैं। वे जल्द ही नेपानगर से इंदौर तक के मार्ग का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा 21 नवंबर को जब यात्रा मप्र में दाखिल होगी तो वे इसकी अगुवाई करने मौजूद भी रहेंगे।

बताया जा रहा है कि राहुल की यात्रा मप्र में करीब 12 दिन रहेगी। इस दौरान उज्जैन व इंदौर के बीच में राहुल गांधी एक बड़ी सभा को सम्बोधित भी कर सकते हैं। अब तक राहुल ने हर राज्य में एक बड़ा कार्यक्रम किया है। यही कारण है कि कर्नाटक, तेलंगाना की ही तरह मप्र कांग्रेस भी चाहती है कि बड़ी सभा का आयोजन हो।

Exit mobile version