जानिए वीडी शर्मा को शिवराज ने क्यों खिलाई मिठाई लगाया गले?

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार सुबह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निवास पर पहुंचे। यहां शिवराज ने वीडी शर्मा को मिठाई खिलाई और गले लगाकर शुभकामनाएं दी।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj singh Chouhan) सोमवार सुबह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा (VD Sharma) के निवास पर पहुंचे। यहां शिवराज ने वीडी शर्मा को मिठाई खिलाई और गले लगाकर शुभकामनाएं दी। शिवराज के अलावा गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) और प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा भी वीडी शर्मा को बधाई देने पहुंचे।

दरअसल वीडी शर्मा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया। इस मौके पर शिवराज समेत भाजपा के अन्य नेता वीडी शर्मा को शुभकामनाएं देने पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री शिवराज ने इस मौके पर कहा कि विष्णु जी हमारे लिए शुभंकर हैं। उनके नेतृत्व में हम नगरीय निकाय चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने वीडी शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मजबूत और विस्तृत हो यही कामना है।

वीडी शर्मा को जबलपुर सांसद राकेश कुमार सिंह के स्थान पर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। कई दिग्गजों को दरकिनार कर वीडी शर्मा की प्रदेश अध्यक्ष पद पर ताजपोशी ने सियासी पंडितों को भी चौंका दिया था। इससे पहले वीडी शर्मा को खजुराहो से सांसद का उम्मीदवार बनाए जाने पर भी कमोबेश ऐसी ही प्रतिक्रिया सामने आई थी।

अध्यक्ष बनने के बाद वीडी शर्मा के सामने सबसे बड़ी चुनौती ज्योतिरादित्य सिंधिया के पाला बदलने के बाद बनी सरकार को स्थायित्व देने की थी। प्रदेश में 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत ने प्रदेश में शिवराज सरकार के साथ ही संगठन में वीडी शर्मा को मजबूत किया।

इसके बाद संघप्रिय वीडी ने कार्यकारिणी बनाए जाने में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। कार्यकारिणी में युवाओं को प्राथमिकता देकर वीडी ने भाजपा में बदलाव वाली संघ की पटकथा को नियोजित और संयमित तरीके से अमल में ला दिया।

वीडी शर्मा भाजपा के अनुषांगिक छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न पदों परकरीब ढाई दशक तक रहे। वर्ष 1995-96 में वीडी शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक बने। वीडी शर्मा को 2007 में एबीवीपी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। साल 2013 में वीडी शर्मा पूरी तरह से भाजपा में शामिल हो गए।

2015 में केंद्र की भाजपा सरकार ने उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा देकर नेहरू युवा केंद्र का उपाध्यक्ष बनाया। 2016 में वीडी शर्मा को भाजपा की मप्र इकाई में महामंत्री नियुक्त किया गया। करीब तीन दशक तक एबीवीपी,संघ और भाजपा में रहे वीडी शर्मा का सक्रिय राजनीति में पहली बार नाम 2019 में ही सुना गया जब उन्हें भाजपा ने लोकसभा चुनाव में खजुराहो से सांसद पद का उम्मीदवार बनाया।

Exit mobile version