Politics

कर्नाटक में 10 मई को वोटिंग-नतीजे 13 को, BJP-कांग्रेस में कांटे की लड़ाई

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को किया चुनाव तारीखों का ऐलान

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया। यहाँ एक चरण में 10 मई को मतदान होगा और चुनाव नतीजों की घोषणा 13 मई को होगी। चुनाव तारीखों का ऐलान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

कर्नाटक में मौजूदा भाजपा सरकार का कार्यकाल 24 मई को खत्म हो रहा है। कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं। इस चुनाव में भाजपा पर जहाँ सत्ता में वापसी का दबाव है वहीं कांग्रेस सत्ता हासिल करने को प्रतिबद्ध नज़र आ रही है।

अगर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव की बात की जाये तो भाजपा ने 104, कांग्रेस ने 80 और जेडीएस ने 37 सीटें जीती थीं। त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में येदियुरप्पा ने 17 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और सदन में बहुमत साबित नहीं करने के कारण 23 मई को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कांग्रेस-जेडीएस की गठबंधन सरकार बनी थी।

हालांकि 14 महीने बाद कांग्रेस और JDS के कुछ विधायकों की बगावत के बाद सीएम कुमारस्वामी को कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। इन बागियों को येदियुरप्पा ने भाजपा में मिलाया और 26 जुलाई 2019 को 219 विधायकों के समर्थन के साथ सीएम बीएस येदियुरप्पा बने लेकिन 2 साल बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। बसवराज बोम्मई को यहां का मुख्यमंत्री बना दिया गया था।

Back to top button