MP

मैं कांग्रेसी,जिसमें ताक़त हो तोड़ दे घुटने, दिग्विजय सिंह का भाजपा MLA को चैलेंज

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के वायरल वीडियो पर बढ़ा विवाद, दिग्विजय ने हिंसा का जवाब अहिंसा से देने की कही बात।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक वायरल वीडियो के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा को खुली चुनौती दी है। दिग्जिवय सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेसी हूं गांधीवादी हूँ और हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि मैं भाजपा विधायक के घर जाउंगा जिसमें ताकत हो वह उनके घुटने तोड़ दे।

दिग्विजय सिंह ने भाजपा विधायक के घर जाने की तारीख का ऐलान भी कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि वे भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा की सद्बुद्धि के लिए उनके घर एक घंटे रामधुन भी करेंगे।

पूरा विवाद उस वीडियो को लेकर हुआ जिसमें भाजपा विधायक एक कार्यक्रम में जनता से यह कहते दिखे कि कोई कांग्रेसी इधर नजर आए तो उसके घुटने तोड़ दो। वीडियो कलखेड़ा गांव का बताया जा रहा है।

वीडियो में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा की भाषा को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भी सवाल उठाए हैं। नरेंद्र सलूजा के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए ही दिग्विजय सिंह ने भाजपा विधायक को खुली चुनौती दी है-

यह पहली बार नहीं जब दिग्विजय सिंह ने इस तरह चुनौती दी है। इससे पहले साल 2018 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कथित तौर पर देशद्रोही कहे जाने के विरोध में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह टी टी नगर थाने अपनी गिरफ्तारी देने पहुंच गए थे। उन्होंने चुनौती दी थी कि अगर वे देशद्रोही हैं, तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने से इनकार कर दिया था।

इसके बाद दिग्विजय सिंह ने कहा था कि संवैधानिक पद पर रह कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान झूठ बोलते हैं। आज मुझे लिखित में मिल गया है कि मेरे खिलाफ देशद्रोह का कोई मामला दर्ज नहीं है। मुख्यमंत्री शिवराज ने सोच-समझकर मुझ पर झूठा आरोप लगाया था। जनता के सामने आज यह साफ हो चुका है कि वह झूठा आरोप लगाते हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री चौहान ने सतना में जनदर्शन यात्रा में कहा था कि मुझे दिग्विजय सिंह जी की बुद्धि पर तरस आता है जो लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जो अगर आतंकवादी को मार दे तो यह आतंकवादी के यहां जाते हैं। उसके परिवार में जाकर उसको महिमामंडित करने का काम करते हैं। कई बार दिग्विजय जी के ऐसे कदम देशद्रोही लगते हैं।

Back to top button