MP

MP में कांग्रेस का मिशन 150 प्लस, महाजनसंपर्क अभियान में जुटेंगे दिग्गज नेता

150 प्लस सीटों पर जीत का संकल्प, कांग्रेस ने शीर्ष नेताओं का चुनाव प्रचार कार्यक्रम किया जारी

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 150 प्लस सीटों पर जीत का संकल्प लिया है। इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी समेत अन्य दिग्गज नेता प्रदेश में तूफानी प्रचार करेंगे। कांग्रेस ने गुरुवार को अपने शीर्ष नेताओं का चुनाव प्रचार कार्यक्रम भी जारी कर दिया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और सोशल मीडिया अध्यक्ष सुश्री सुप्रिया श्रीनेत ने भोपाल में मीडिया से चर्चा में बताया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के नेतृत्व में मप्र में महाजीत की ओर कदम बढ़ा रही है और चुनाव में 150 प्लस सीटें जीतकर आ रही है। साथ ही कांग्रेस पार्टी के सर्वाेच्च नेतृत्व से लेकर कार्यकताओं ने यह संकल्प लिया है कि महाजनसंपर्क अभियान चलाकर अगले 15 दिनों में 230 विधानसभा सीटों तक पहुंचेंगे।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि कांग्रेस के महाजनसंपर्क अभियान से हम अपने वचनपत्र और संदेश को एक एक व्यक्ति तक पहुँचायेंगे। मध्यप्रदेश में कांग्रेस का प्रचार हम फ्रंटफुट पर कर रहे हैं-हम ना सिर्फ़ शिवराज जी के 18 साल के कुशासन का पर्दाफ़ाश कर रहे हैं, बल्कि उससे भी ज्यादा प्रखरता और प्रमुखता से मध्यप्रदेश के लिये अपनी प्रतिबद्धता और अपने वचन को लेकर जनता के बीच फ्रंट फुट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

सुप्रिया श्रीनेत ने मप्र की विभिन्न विधानसभाओं में कांग्रेस नेतृत्व का दौरा कार्यक्रम भी जारी किया, जो इस तरह है-

4 नवम्बर,2023: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लीकार्जुन खरगे कटंगी और शाहपुरा
5 नवम्बर,2023: महासचिव प्रियंका गांधी कुक्षी और इंदौर-5
7 नवम्बर,2023: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लीकार्जुन खरगे उज्जैन और ग्वालियर पूर्व
8 नवम्बर,2023: महासचिव प्रियंका गांधी सांवेर और खातेगाँव
9 नवम्बर,2023: महासचिव प्रियंका गांधी रीवा
9 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी नई सराय, अशोक नगर चंदेरी, जबलपुर ईस्ट, जबलपुर वेस्ट में पदयात्रा
10 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सतना
13 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी टिमरनी, उदयपुरा और इक़बाल नगर, भोपाल पदयात्रा।
14 नवम्बर,2023: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी विदिशा, राजनगर, खजुराहो
15 नवम्बर,2023: महासचिव प्रियंका गांधी दतिया
15 नवम्बर,2023: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लीकार्जुन खरगे आमला (बेतूल)

महाजनसंपर्क अभियान में 70 रैलियां मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ करेंगे। वहीं 60 रैलियां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह करेंगे। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला 30 रैलियां करेंगे। इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव, सुरेश पचौरी, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, अजय सिंह राहुल, कांतिलाल भूरिया, उमंग सिंगार, ओंकार मारकम, विजयलक्ष्मी साधो, सज्जन वर्मा भी विधान सभा क्षेत्रों में जनसंपर्क और रैली करेंगे।

सुप्रिया श्रीनेत ने आगे कहा कि शिवराज जी के जंगलराज से त्रस्त, कांग्रेस के वचन पर भरोसा करके मध्यप्रदेश की देव तुल्य जनता ने हमें प्रचंड बहुमत देने के लिए कमर कस ली है कई मायनों में ये चुनाव प्रदेश के आमजन बनाम भाजपा की 18 साल की नाकामियों के बीच है। जनहित से सरोकार-मजबूत सरकार: प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी के लिए 150 से अधिक सीटों का लक्ष्य निर्धारित किया है। ताकि कांग्रेस पार्टी जनसरोकार के प्रमुख वचनों को निभा सके और दृढ़ता से मजबूत सरकार चला सके। यह चुनाव 18 साल की नाकामियां बनाम कांग्रेस की ग्यारंटियों के बीच भी है।

Back to top button