MP

भाजपा के पूर्व विधायक की पोस्ट- उड़ाना तो बहुतों को है डिसाइड नहीं कर पा रहा पहले किसे मारूं

भाजपा के पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह की एक पोस्ट सुर्खियों में है। फेसबुक पर सुरेंद्रनाथ सिंह ने जो तस्वीर पोस्ट की है वह भी कम दिलचस्प नहीं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह (Surendra nath singh) की एक पोस्ट सुर्खियों में है। भोपाल की मध्य सीट से विधायक रह चुके सुरेंद्रनाथ सिंह ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा- उड़ाना तो बहुतों को है डिसाइड नहीं कर पा रहा पहले किसे मारूं…. पर्ची निकालना पड़ेगी।

फेसबुक पर इन शब्दों के साथ सुरेंद्रनाथ सिंह ने जो तस्वीर पोस्ट की है वह भी कम दिलचस्प नहीं। इस तस्वीर में मम्मा नाम से मशहूर विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह एक जीप के बोनट पर बैठे हैं और उनके हाथों में एक राइफल दिखाई दे रही है। उनके पीछे खड़ा शख्स भी हाथों में तमंचा लिए दिख रहा है। यह असली है नकली यह पता नहीं चल सका।

सुरेंद्रनाथ सिंह बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के आरिफ मसूद से हार गए थे इससे पहले वे इस सीट से ही विधायक थे। विधायक रहते हुए भी सुरेंद्र नाथ सिंह काफी विवादों में रह चुके थे।

भाजपा के पूर्व विधायक की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया में भी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने लिखा-

https://twitter.com/NarendraSaluja/status/1364167343903973378?s=20

वहीं पत्रकार मनीष दीक्षित ने भी सवाल उठाया कि शिवराज के राज में मम्माआखिर किसको उड़ाना चाहते हैं?

हाल ही में वैलेंटाइन डे के मौके पर एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के आरोप में भी सुरेंद्रनाथ सिंह को गिरफ्तार किया गया था। सुरेंद्रनाथ सिंह की अपनी ही पार्टी के महापौर और दूसरे विधायकों के साथ तनातनी भी पहले सामने आ चुकी है। खासकर उनकी विधानसभा में लगातार बढ़ी ठेले और गुमठियों की संख्या को लेकर।

वहीं बीते साल सुरेंद्र नाथ सिंह की बेटी ने भी उन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। इसके बाद बेटी की गुमशुदगी में भी सुरेंद्र नाथ सिंह ने विधायक आरिफ मसूद का हाथ बताते हुए लव जिहाद का आरोप लगाया था।

2018 के विधानसभा चुनावों के ठीक बाद सुरेंद्रनाथ सिंह ने भोपाल में गुमटी-रेहड़ी वालों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में भी आंदोलन किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रशासन की कार्रवाई जारी रही तो सड़कों पर खून की नदियां बहेंगी और वह खून मुख्यमंत्री कमलनाथ का होगा। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।

Back to top button