Politics

‘दीपिका के कपड़े तो दिख जाते हैं हनुमान जी के सामने फूहड़ डांस नहीं’

विन्ध्य में सक्रिय हुए दिग्विजय सिंह, मोदी-शिवराज सरकार पर निशाना साधा

सतना (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले विंध्य की सियासत सुर्ख़ियों में है। साल 2018 में इस क्षेत्र में कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई थी। अब कांग्रेस ने इस इलाके में वापसी के लिए पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को सक्रिय किया है। दिग्विजय सिंह शुक्रवार को सतना पहुंचे और भाजपा पर तीखे हमले किये।

दिग्विजय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार के साथ प्रदेश में शिवराज सरकार निशाना साधा। सतना में दिग्विजय ने कहा कि प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को यह तो दिख जाता है कि दीपिका पादुकोण ने पठान फिल्म में किस रंग के कपड़े पहने थे, लेकिन हनुमान जी के सामने फूहड़ डांस नहीं दिखता, क्योंकि वहां मंच पर उनकी पार्टी के लोग बैठे थे।

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि गृहमंत्री को यह भी नहीं दिखता कि सतना में सर्किट हाउस के सामने गोली मार कर 22 लाख रुपए लूट लिए जाते हैं। उसके लिए चोरी की बाइक का इस्तेमाल होता है, जिसकी चोरी की रिपोर्ट भी 3 दिन पहले नही लिखी गई थी।

दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में कांग्रेस की संभावनाओं पर कहा कि प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस सौ प्रतिशत वापसी करेगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि पिछली बार किसे पता था सिंधिया जी बिक जाएंगे। इस बार हम बिकाऊ नहीं टिकाऊ माल को जिता कर लाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ धर्म का इस्तेमाल हथियार के रूप में कर रहे हैं। धर्म का दुरुपयोग किया जा रहा है, उसके नाम पर व्यवसाय किया जा रहा है। अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हनुमान जी की प्रतिमा के सामने महिलाओं का अर्धनग्न डांस होता है तो प्रदेश के गृहमंत्री भी चुप्पी साध लेते हैं। तब भाजपा, विहिप- बजरंग दल कहां गए? कहां गया हिंदुत्व?

Back to top button