MP

पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदुओं जैसा महसूस कर रहे सुरखी में पुराने BJP कार्यकर्ता

मंत्री गोविंद राजपूत के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले निष्कासित नेता राजकुमार सिंह का आरोप

सागर (जोशहोश डेस्क) भाजपा से निष्कासित किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह धनौरा ने अपने निष्कासन के फैसले के साथ मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर फिर सवाल उठाये हैं। मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व राजकुमार निष्कासन के बाद पार्टी के लिए अपने 30 सालों के समर्पण को याद कर पर फूट-फूट कर रो दिए। राजकुमार सिंह ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह के दबाव में पार्टी द्वारा उन पर कार्यवाही की गई है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक मंत्री गोविंद राजपूत के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले निष्कासित नेता राजकुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी द्वारा परिवाद और भाई-भतीजावाद के खिलाफ लड़ाई की बात को ही मैंने आगे बढ़ाया है। मुझे इस आधार पर पाटी ने 6 साल के लिये निष्कासित कर दिया जो उचित नहीं है।

वेबपोर्टल तीनबत्तीडॉटकॉम की रिपोर्ट के मुताबिक़ राजकुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सुरखी में भाजपा के मूल कार्यकर्ता उपेक्षित और प्रताड़ित हो रहे हैं। सुरखी में भ्रष्टाचार चरम पर है। जो कांग्रेसी नेता मंत्री के साथ बीजेपी में शामिल हुए वे सभी उपकृत हो गए। मंत्री ने अपने परिवार के लोगो जिला पंचायत से लेकर जनपद तक काबिज कर दिया। वर्तमान में सुरखी का मूल भाजपाई कार्यकर्ता हाशिए आर चला गया। उन पर अपराधिक मामले दर्ज कराए जा रहे हैं। पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव में पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव नहीं लड़ने दिया गया। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में पुराने भाजपा कार्यकर्ता ऐसे महसूस कर रहे है जैसे पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिन्दु कर रहे हैं।

वहीं कांग्रेस ने राजकुमार सिंह धनौरा का वीडियो शेयर कर भाजपा में बिकाऊ और टिकाऊ के मुद्दे पर सवाल उठाया है-

https://twitter.com/NarendraSaluja/status/1582763807373303808?s=20&t=Hx0KSVkZ0dSS9VMU3whwBA

राजकुमार सिंह धनौरा ने कहा कि वे पिछले 30 सालों से पार्टी की सेवा करते रहे लेकिन पार्टी ने उन्हें कीड़े मकौड़े की तरह बाहर कर दिया जबकि मैंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से भी यह कहा था कि अगर मेरे से गलती हुई है तो मैं माफी मांगने को तैयार हूँ। निष्कासित नेता राजकुमार सिंह ने मंत्री गोविंद राजपूत और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और जांच की मांग की। राजकुमार सिंह धनौरा ने मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के खिलाफ चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए हैं।

Back to top button