MP

उपचुनाव: रैगांव में पूर्व मंत्री के बेटे की बगावत, BJP में बागरी V/s बागरी

रैगांव सीट पर पूर्व मंत्री जुगलकिशोर बागरी के बेटे पुष्पराज बागरी ने दाखिल किया निर्दलीय नामांकन। भाजपा ने यहां प्रतिमा बागरी को उम्मीदवार बनाया है।

सतना (जोशहोश डेस्क) रैगांव सीट पर भाजपा के लिए मामला फंस गया है। इस सीट पर पूर्व मंत्री जुगलकिशोर बागरी के बेटे पुष्पराज बागरी ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया है। भाजपा ने यहां प्रतिमा बागरी को उम्मीदवार बनाया है। अब पुष्पराज ने नामांकन दाखिल कर प्रतिमा और भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

पूर्व मंत्री जुगलकिशोर बागरी के निधन के चलते ही यहां उपुचनाव हो रहा है। जुगलकिशोर बागरी के निधन के बाद उनके बेटे पुष्पराज बागरी भाजपा में टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे लेकिन भाजपा ने यहां प्रतिमा बागरी पर भरोसा जताया है। जिसके बाद पुष्पराज ने निर्दलीय मैदान में उतरने का एलान कर दिया है।

पुष्पराज बागरी ने गुरुवार को निर्दलीय नामांकन दाखिल किया। पुष्पराज ने 2013 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। तब वे बसपा की ऊषा चौधरी से 4109 वोटों से हार गए थे। बीजेपी पर यहाँ अपनी सीट बचने का दबाव है।

बताया जा रहा है कि भाजपा भी यहां पुष्पराज को टिकट देने का मन बना चुकी थी लेकिन पार्टी के आंतरिक सर्वे के कारण टिकट बदल दिया गया। सर्वे में बागरी परिवार के किसी सदस्य का जीतना यहां मुश्किल बताया गया था जिसके बाद भाजपा ने पूर्व मंत्री जुगलकिशोर बागरी के परिवार के इतर प्रतिमा पर दांव खेला है।

दूसरी ओर कांग्रेस ने इस सीट पर कल्पना वर्मा को दोबारा मैदान में उतारा है। 2018 विधानसभा चुनाव में जुगल किशोर बागरी के खिलाफ भी कांग्रेस ने कल्पना वर्मा पर ही भरोसा जताया था। कल्पना उपचुनाव को देखते हुए [पहले ही सक्रिय हो गईं थीं।

जोबट में कांग्रेस के लिए भी मुश्किल

इधर जोबट विधानसभा में कांग्रेस के लिए भी मुश्किल खड़ी हो गई है। पूर्व विधायक कलावती भूरिया के भतीजे दीपक भूरिया ने यहाँ निर्दलीय ताल ठोक दी है। कांग्रेस द्वारा महेश पटेल को टिकट जाने के बाद से ही दीपक भूरिया नाराज थे। भाजपा ने इस सीट पर सुलोचना रावत काे मैदान में उतारा है। सुलोचना हाल ही में कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा में शामिल हुई हैं।

Back to top button