MP

मुरैना में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या, MP में ताक पर कानून व्यवस्था

दिनदहाड़े 6 लोगों की गोली मार कर हत्या किये जाने से प्रदेश की कानून व्यवस्था की खुल गई कलई

मुरैना (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए दिनदहाड़े 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मुरैना जिले के लेपा गांव में जमीन विवाद में यह हत्याकांड हुआ। मृतकों में पिता-पुत्र समेत 3 महिलाएं भी शामिल हैं। घटना का वीडियो भी वायरल है। दिनदहाड़े 6 लोगों की गोली मार कर हत्या किये जाने से प्रदेश की कानून व्यवस्था की कलई खुल गई है।

घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हैं। जमीन विवाद में हुए इस हत्याकांड के बाद गांव में तनाव का माहौल है। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने हत्याकांड के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं।

कमलनाथ ने घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाएं हो रही हैं लेकिन सरकार स्थिति पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।

बताया जा रहा है कि लेपा गांव में धीर सिंह और गजेंद्र सिंह के परिजनों के बीच विवाद चल रहा था। धीर सिंह के परिवार के दो सदस्यों की साल 2013 में हत्या कर दी गई थी। गजेंद्र सिंह के परिवार पर हत्या का आरोप था। मामला कोर्ट में गया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया। समझौता होने के बाद गजेंद्र सिंह पक्ष के लोग गांव पहुंचे थे। आज सुबह धीरसिंह पक्ष के लोगों ने गजेंद्रसिंह पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। पहले तो दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी-डंडे चले। इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी।

Back to top button