National

तीरथ सिंह रावत होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री, शाम चार बजे लेंगे शपथ

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) उत्तराखंड में नए मुख्यमंत्री का इंतजार खत्म हो गया है। नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए बुलाई गई राज्य बीजेपी विधायक दल की बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक में तीरथ सिंह रावत तो विधायक दल का नेता चुना गया है। अब उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत होंगे। सूत्रों के अनुसार नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल से शाम 4 बजे का समय मांगा गया है। इससे पहले तीन-चार दिन तक चले सियासी नाटक के बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

वर्तमान में तीरथ सिंह रावत पौड़ी लोकसभा सीट से सांसद और भाजपा के नेशनल सेक्रेटरी हैं। उनका जन्म पौड़ी गढ़वाल जिले में हुआ है। तीरथ सिंह रावत संघ की पृष्ठिभूमि से भाजपा की राजनीति में आने वाले नेता हैं। छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव रहा। संघ से जुड़े दायित्व निभाते हुए वह भाजपा की मुख्यधारा की राजनीति में आए। 1997 में पहली बार वह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे। वह राज्य के मंत्री भी रह चुके हैं। तीरथ सिंह रावत 9 फरवरी 2013 से 31 दिसंबर 2015 तक उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष रहे हैं।

भाजपा के विधायकों ने त्रिवेंद्र सिंह रावत का विरोध किया था। उनका कहना था कि अगर त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्यमंत्री रहे हैं तो अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

वहीं कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने भी मान लिया है कि मौजूदा सरकार कुछ नहीं कर सकी है। कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे अब किसे लाएंगे। 2022 में भाजपा सत्ता में नहीं लौटने वाली।

Back to top button