MPPolitics

3 जनवरी को होगा शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार..

भोपाल (जोशहोश डेस्क) शिवराज सरकार मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नें मंत्रिमंडल के विस्तार की तारीख तय कर दी है। माना जा रहा है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के विधायक गोविंद सिंह राजपूत और तुलसी सिलावट को शपथ दिलाई जा सकती है।

मंत्रिमंडल के विस्तार की अधिकारी सूचना मंत्रालय से राजभवन भेज दी गई है। इसकी पुष्टी राजभवन ने की है। मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए 3 जनवरी 2021 को दोपहर 12: 30 बजे का समय निर्धारित किया गया है।

मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की चार दौर की बैठकें हुई थीं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह ही राष्ट्रीय नेतृत्व ने मंत्रिमंडल विस्तार की अनुमति दी है। उपचुनाव जीतने के बाद ही इस बात को लेकर अटकले लगाई जा रहीं थी कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। लेकिन इसके लिए सिंधिया के समर्थकों को करीब दो महीनों का इंतजार करना पड़ा। मंत्रिमंडल के विस्तार में हो रही देरी को लेकर कयास लगाए जाने लगे थे कि शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल के विस्तार में रूचि नहीं दिखा रहे हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया 26 दिसंबर को भोपाल प्रवास में थे। इस दौरान उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से करीब 45 मिनट की मुलाकात की थी। बता दें कि सिंधिया खेमे के तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत पहले मंत्री थे लेकिन उपचुनाव के मतदान के पहले उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था और उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। उपचुनाव के परिणाम 10 नवंबर को आ गए थे लेकिन अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया गया था।

Back to top button