HealthMP

कोरोना वॉरियर्स से लिया जा रहा 12-12 घंटे काम, वैक्सीनेशन प्रोटोकॉल का भी नहीं हो रहा पालन

भोपाल (जोशहोश डेस्क) कोविड-19 टीकाकरण में जुटे कर्मचारियों से 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है। वहीं उन्हें साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा कोविड-19 टीकाकरण के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों का पालन भी नहीं हो रहा है। जिसके विरोध में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी कल्याण संघ ने जेपी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र लिख कर समस्याओं का निराकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश प्रदान करने की मांग की है।

बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी कल्याण संघ ने अपने पत्र में निम्न मांगे की हैं –

  1. श्रम विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार निर्धारित कार्यदिवसों एवं समय में कार्य कराया जाए।
  2. स्टाफ ड्यूटी से 12-12 घंटे से अधिक कार्य लिया जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा, जबकि इस सम्बन्ध में प्रबंध संचालक के स्पष्ट निर्देश हैं, जिसे अतिक्रमित किया गया है।
  3. कोविड कार्यक्रम हेतु राज्य द्वारा आवंटित मानदेय एवं अन्य मद का बजट शीघ्र वितरित किया जाए।
  4. कोविट वैक्सीन में लगे महिला स्टाफ के लिए शाम के समय घर जाने हेतु शासकीय वाहन की व्यवस्था की जाए।
  5. कर्मचारियों को बर्खास्त करने की धमकी दी जाती है, जिससे कार्य करने वाले मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।

कर्मचारियों को एक दिन की भी छुट्टी नहीं दी जा रही है। वहीं आकस्मिक अवकाश मांगने पर सस्पेंड करने की धमकी दी जा रही है। इसके साथ ही प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा रहा है। हमारी शासन से यही मांग है प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। हम लोग 12-12 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। इसके लिए हमने स्वास्थ्य मंत्री, सीएचएमओ और कलेक्टर को भी पत्र भेजा है।

  • कल्याण सिंह ठाकुर (प्रदेश अध्यक्ष, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी कल्याण संघ )  
Back to top button