MP

इंदौर पहुंची प्रियंका गांधी, कल भारत जोड़ो यात्रा में होंगी शामिल

प्रियंका गांधी बुधवार शाम इंदौर पहुंच कर बड़वाह के लिए रवाना, कल खंडवा में भारत जोड़ो यात्रा में होंगी शामिल

इंदौर (जोशहोश डेस्क) भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार शाम इंदौर पहुंच गईं। इंदौर से वे बड़वाह के लिए रवाना हो गईं। वे कल खंडवा में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। भारत जोड़ो यात्रा ने बुधवार को ही मध्यप्रदेश में प्रवेश किया है।

भारत जोड़ो यात्रा के MP में प्रवेश से पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने यह बताया था कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल होने आ रही हैं। यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। हालांकि सोनिया गांधी भारत जोड़ो में शामिल हो चुकी हैं।

इससे पहले बुधवार सुबह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश कर गई। कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र में अपना पड़ाव पूरा कर एमपी के बुरहानपुर जिले के बोरदली से एमपी में प्रवेश किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बोरदली में भारत जोड़ो यात्रा की अगवानी की।

इस मौके पर महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कमलनाथ को यात्रा का तिरंगा झंडा सौंपा। इस मौके पर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह समेत तमाम बड़े नेता राहुल के स्वागत के लिए बुरहानपुर में मौजूद रहे। एमपी में प्रवेश के बाद राहुल गांधी ने आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया।

यात्रा के लक्ष्यों को बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा उस नफरत, हिंसा और डर के खिलाफ है, जिसे हिंदुस्तान में फैलाया जा रहा है। भाजपा का तरीका यही है। सबसे पहले, डर फैलाना। जब डर फैल जाता है तो उसे हिंसा में बदल देते हैं। जो डरता नहीं है, वह हिंसा भी नहीं कर सकता। जो डरता है, वह ही हिंसा करता है। डर मिटाना हमारा लक्ष्य है। इस हिंदुस्तान में किसी से डरने की जरूरत नहीं है।

Back to top button