National

पीएम म्यूजियम: मोदी सरकार ने बदला नेहरू संग्रहालय का नाम

भाजपा संसदीय दल की बैठक में मंगलवार को लिया फैसला। अब पीएम म्यूजियम होगा नया नाम।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने नेहरू संग्रहालय का नाम बदलने का फैसला किया है। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय दल की बैठक में मंगलवार को यह फैसला लिया गया। इस निर्णय के बाद नई दिल्ली स्थित नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय को अब पीएम म्यूजियम के नाम से जाना जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को इसके नए स्वरूप का उद्घाटन करेंगे।

अब इस म्यूजियम में 14 अन्य प्रधानमंत्रियों के बारे में भी सामग्री रहेगी। पीएम मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के सांसदों से कहा कि एनडीए सरकार ने 14 पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदान को स्वीकार करने के लिए यह कदम उठाया है। दिल्ली में 14 अप्रैल को बीआर अंबेडकर संग्रहालय का भी उद्घाटन किया जाना है।

म्यूजियम में बदलाव के लिए साल 2018 में भूमिपूजन किया गया था। तीन मंज़िला नया भवन करीब 1लाख वर्गफुट में बनना था और इसकी लागत तकरीबन 271 करोड़ रुपये बताई गई थी। कांग्रेस ने उस समय देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के इस आवास से छेड़छाड़ का विरोध किया था। कांग्रेस का कहना था कि मोदी सरकार नेहरू को देश की विरासत से खत्म करने पर तुली है।

नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय (एनएमएमएल) की स्थापना जवाहरलाल नेहरू की याद में एक स्वायत्त संस्था के रूप में हुई थी। यह संस्था भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन आती है। यह देश के प्रथम प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास, तीन मूर्ति भवन में स्थित है। यह चार भागों में विभाजित है; एक स्मारक संग्रहालय, एक आधुनिक भारतीय पुस्तकालय, समकालीन अध्ययनों से संबंधित एक केंद्र और नेहरू तारामंडल।

नेहरू मेमोरियल संग्रहालय और पुस्तकालय में एक विशेष पुस्तकालय है, जिसे औपनिवेशिक और उत्तर-औपनिवेशिक भारत पर एक विशिष्ट अनुसंधान और संदर्भ-केंद्र के रूप में निर्मित और विकसित किया गया है, जिसमें माइक्रोफिल्म और माइक्रोफ़िश के माध्यम से अनेक पुस्तकों, पत्रिकाओं, तस्वीरों और अन्य संसाधन के बहुत समृद्ध और विविध संग्रहों को संरक्षित किया गया है।

Back to top button