MPPolitics

गिरीश गौतम होंगे नए विधानसभा अध्यक्ष, कमलनाथ बोले- निर्विरोध निर्वाचन के लिए करेंगे सहयोग

मध्यप्रदेश विधानसभा के नए अध्यक्ष गिरीश गौतम होंगे। देवतालाब सीट से विधायक गिरीश गौतम ने रविवार को भाजपा उमीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा के नए अध्यक्ष गिरीश गौतम होंगे। रीवा जिले की देवतालाब सीट से विधायक गिरीश गौतम (Girish Goutam) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। सदन में संख्याबल को देखते हुए गिरीश गौतम की जीत तय मानी जा रही है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने विधानसभा अध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन के लिए सहयोग का ऐलान किया है।

गिरीश गौतम रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विधानसभा पहुंचे। उनका नामांकन प्रस्ताव गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह को सौंपा। इस मौके पर मंत्री विश्वास सारंग और रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद थे।

यह पहले ही तय माना जा रहा था कि नया विधानसभा अध्यक्ष विंध्य से ही होगा। गिरीश गौतम के साथ केदारनाथ शुक्ला को भी दावेदार माना जा रहा था लेकिन बाजी गिरीश गौतम के हाथ ही लगी। इस तरह श्रीनिवास तिवारी के करीब 20 साल बाद अब विंध्य से प्रदेश को नया विधानसभा अध्यक्ष मिला है।

विधानसभा अध्यक्ष का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद गिरीश गौतम ने कहा कि विधायकों के हितों की रक्षा ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा ही विंध्य का सम्मान किया है। उपेक्षा जैसी बात कभी नहीं रही।

इधर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर संसदीय परंपराओं की उपेक्षा का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा का शुरू से संसदीय परंपराओं में कभी विश्वास नहीं रहा है। वर्षों से विधानसभा अध्यक्ष का पद सत्ता पक्ष को व उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को देने की चली रही परंपराओं को भाजपा ने तोड़ा है लेकिन हमारा शुरू से ही संसदीय परंपराओं में विश्वास रहा है। हम विधानसभा अध्यक्ष पद की संवैधानिक गरिमा को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष पद के निर्वाचन में पूर्ण सहयोग करते हुए निर्विरोध ढंग से विधानसभा अध्यक्ष पद का निर्वाचन करवाने में अपनी ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

गिरीश गौतम की उम्मीदवारी को शिवराज मंत्रिमंडल से उपजे क्षेत्रीय असंतुलन को साधने की कवायद भी माना जा रहा है। शिवराज मंत्रिमंडल में विंध्य की उपेक्षा का आरोप लगता रहा है। इसके बाद से ही विंध्य में भाजपा को अपने नेताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा था।

चार बार के विधायक गिरीश गौतम मध्यप्रदेश विधानसभा के 18वें अध्यक्ष होंगे। विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव सोमवार 22 फरवरी को बजट सत्र के पहले दिन होना है। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शनिवार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के संबंध में चर्चा की थी।

Back to top button