MP

इंदौर में वैक्सीनेशन की तैयारी, 15 लाख लोगों को लगेगा टीका

इंदौर (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में कोरोना की स्थिति भयावह होती जा रही है, भयावह हो चुके कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने 1 मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाने का बड़ा अभियान चलाने की तैयारी कर ली है। मध्यप्रदेश में कोरोना का हॉटस्पॉट बने इंदौर शहर में भी टीकाकरण शुरू होने जा रहा है। इंदौर में 18 से अधिक उम्र के करीब 15 लाख लोग हैं।

वैक्‍सीनेशन के लिए इंदौर के सभी 84 वार्ड में 3-3 और 125 से केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जाएंगे। इस प्रकार करीब 375 केंद्रों में वैक्सीनेशन होगा। इसके लिए दो दिन पहले से ऑनलाइन रजिस्‍ट्रेशन होगा। वैक्‍सीनेशन केंद्र की जानकारी भी ऑनलाइन ही मिलेगी।

अधिकारियों के मुताबिक दो दिन पहले लिंक ओपन की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सके। इसके लिए केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। टीकाकरण अधिकारी डाॅ. तरुण गुप्ता बताते हैं कि 15 लाख की आबादी को जल्द से जल्द टीका लगे, हमारी कोशिश यही है। इसे देखते हुए हम हर वार्ड में 3 वैक्सीनेशन सेंटर बनाने जा रहे हैं।

ध्यान दें, इंदौर में लगातार 23 फीसदी संक्रमण दर बनी हुई है। यहां 24 घंटे में सबसे ज्यादा 1837 नए संक्रमित निकले। 7 मरीजों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश के कुल मरीजों में से 1 लाख 5 हजार 429 मरीज सिर्फ इंदौर के हैं। स्वस्थ होेने वालों की संख्या 654 रही। एक्टिव केस बढ़कर 13 हजार 354 हो गए हैं। यह संख्या प्रदेश में सबसे ज्यादा है। कोरोना संक्रमित 24 हॉट स्पॉट एरिए को माइक्रो कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है।

Back to top button