National

संसद पर हमले की बरसी पर सुरक्षा में बड़ी चूक, सदन में घुसे संदिग्ध

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान हुई घटना से अफरा तफरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

नईदिल्ली (जोशहोश डेस्क) संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर फिर सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। लोकसभा में कार्यवाही के दौरान दो लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए दर्शक दीर्घा से छलांग लगा दी। दोनों ने स्मोक कैंडल भी जलाई। दोनों को हिरासत में ले लिया गया। साथ ही संसद के दोनों सदनों को स्थगित कर दिया गया।

घटना लोकसभा की कार्यवाही के दौरान हुई। ये दोनों शख्स दर्शक दीर्घा से कूदे थे। दोनों सांसद के नाम पर लोकसभा विजिटर पास पर आए थे। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने बताय कि दो युवक गैलरी से कूदे और उन्होंने कुछ फेंका, जिससे गैस निकल रही थी। उन्हें सांसदों ने पकड़ा, उसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला। यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के मुताबिक़ अचानक दो लोग विजिटर गैलरी से सदन में कूदे। दोनों कनस्तर लिए हुए थे। इन कनस्तरों से गैस निकल रही थी।

सदन में सुरक्षा चूक पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, ‘शून्यकाल के दौरान हुई घटना की लोकसभा अपने स्तर पर संपूर्ण जांच कर रही है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस को भी जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार यह सिर्फ साधारण धुआं था इसलिए यह धुआं चिंता का विषय नहीं है।

वहीं पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि एक व्यक्ति गैलरी से कूदा तो लगा कि शायद वह नीचे गिर गया है। तभी दूसरे व्यक्ति को दर्शक दीर्घा से कूदते देखा। इनमें से एक के हाथ में कुछ था, जिसमें पीले रंग का धुआं निकल रहा था, जबकि दूसरे के हाथ में कुछ था, उन्हें तुरंत काबू में कर लिया गया। यह संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक है। जांच होगी और कार्रवाई होगी।

पूरे घटनाक्रम के बाद यह सवाल उठ रहा है कि संसद हमले की बरसी के दिन यह चूक कैसे हुई? कूदने वाले दोनों शख्स के पासों को मंजूरी को किस सांसद ने दी? गौरतलब है कि साल 2001 में 13 दिसंबर की सुबह संसद पर आतंकी हमला हुआ था। हमले में दिल्ली पुलिस के छह जवान, संसद के दो सुरक्षाकर्मी और एक माली मारे गए थे।

Back to top button